गर्मी में कार की सीट न तपे, 8.20 लाख से शुरू होने वाली 5 कारों में वेंटिलेटेड सीट
टाटा एरिस, रेनॉल्ट किगर, मारुति बलेनो, ब्रेझा और सिट्रोएन बेसाल्ट X में फ्रंट सीट के लिए वेंटिलेटेड फीचर मिलता है।
भारत में गर्मी का पारा चढ़ रहा है और ऐसे में कार के कम्फर्ट फीचर्स की अहमियत बढ़ती जा रही है। वेंटिलेटेड सीट का फीचर अब सिर्फ महंगी लक्झरी कारों तक सीमित नहीं रहा। कुछ अपेक्षाकृत सस्ती कारों में भी फ्रंट सीट के लिए यह फीचर मिल रहा है। गर्मी में लंबा सफर करने वाले कस्टमर्स के लिए यह काम की चीज हो सकती है।
पहली कार टाटा मोटर्स की हाल ही में लॉन्च हुई एरिस है। वेंटिलेटेड फ्रंट सीट देने वाली सबसे सस्ती कारों में यह एक है। यह फीचर Accomplished व्हेरिएंट से शुरू होता है। इसमें Petrol MT की कीमत Rs 8,19,990 और Petrol AMT की कीमत Rs 8,74,990 है। Petrol-CNG MT Rs 9,19,990 की है, जबकि Petrol-CNG AMT की कीमत Rs 9,74,990 है। यानी CNG ऑप्शन के साथ भी यह फीचर मिलता है, और यही एरिस को खास बनाता है।
दूसरे नंबर पर रेनॉल्ट किगर है। यह भारत की सबसे सस्ती SUV है जिसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट मिलती है। फीचर सिर्फ टॉप-स्पेक Emotion ट्रिम में है। Petrol MT व्हेरिएंट की शुरुआती कीमत Rs 8,50,000 है। Turbo Petrol MT Rs 9,40,000 का है और Petrol CVT की कीमत Rs 10,40,000 से शुरू होती है। इन व्हेरिएंट्स को Dual-Tone ऑप्शन के साथ भी चुना जा सकता है।
तीसरी कार मारुति बलेनो है। इसके नए फेसलिफ्टेड वर्जन में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट दी गई हैं। यह फीचर Alpha और Alpha (O) ट्रिम में मिलता है और शुरुआती कीमत Rs 9,09,900 है। Petrol MT के साथ AMT का ऑप्शन भी है। बलेनो की एक और खूबी 24.77 km/l तक की फ्यूल इकॉनमी है।
चौथे नंबर पर मारुति ब्रेझा है, जिसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट सिर्फ टॉप-स्पेक ZXi+ ट्रिम में मिलती हैं। इस फीचर के साथ 1.0L Turbo Petrol MT की कीमत Rs 11,41,500 और 1.5L Petrol AT की कीमत Rs 13,70,500 है। SUV खरीदते वक्त जो लोग कम्फर्ट फीचर्स को पहले रखते हैं, उनके लिए यह अहम ऑप्शन हो सकता है।
पांचवीं कार सिट्रोएन बेसाल्ट X है, जो वेंटिलेटेड फ्रंट सीट वाली सस्ती मिड-साइज SUV-कूपे है। यह फीचर टॉप-स्पेक Max ट्रिम में मिलता है। 1.2L Petrol MT की कीमत Rs 11,34,300 है, जबकि Turbo Petrol MT और AT की कीमत क्रमशः Rs 12,62,500 और Rs 13,89,500 है। गर्मी में कम्फर्ट के साथ SUV-कूपे डिजाइन चाहने वालों के लिए यह अलग ऑप्शन है।