गलतफहमी में फोड़ दिया राहगिर का सिर
नागपुर झगड़ा देख रहे राहगिर का गलतफहमी की वजह से हमला करके सर फोड़ दिया गया. यह वारदात सीताबर्डी में वैरायटी चौक स्थित अमरावती मार्केट एनआईटी पार्किंग प्लाजा के पास हुई. जख्मी 47 वर्षीय जीतेंद्र ठाकरे 22 सितंबर की शाम एनआईटी पार्किंग प्लाजा के सामने से जा रहे थे. वहां आरोपी श्याम तिवारी (22) गवलीपुरा, धरमपेठ, जयश्री रमेश कनाडे (35) मयंक रघुपथ मिश्रा (19) तकिया धंतोली का एक टैक्सी चालक से विवाद हो रहा था. यह देखकर ठाकरे वहां ठहर गए. उन्हें झगड़ा होते देखकर आरोपी उनकी ओर देखने लगे. इसी बीच टैक्सी चालक वहां से चला गया. ठाकरे को टैक्सी चालक का साथी समझ कर आरोपी गालियां देने लगे. उन्होंने ठाकरे की लात-घूंसों से पिटाई कर दी. करीब के चाइनीज ठेले से चम्मच लाकर ठाकरे का सिर फोड़ दिया. ठाकरे की शिकायत पर सीताबर्डी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. श्याम तिवारी के खिलाफ पहले भी सरकारी कर्मचारी से मारपीट का मामला दर्ज है.