एथर एनर्जी की बिक्री 6 नवंबर तक 3 लाख के पार, मार्केट शेयर 16.32 प्रतिशत
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
एथर एनर्जी ने 1 जनवरी से 6 नवंबर 2026 के बीच 3 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे। कंपनी अब देश की तीसरी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी है।
एथर एनर्जी ने भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में नया रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने एक ही कैलेंडर ईयर में 3 लाख से ज्यादा यूनिट बेच दी हैं। खास बात यह है कि साल खत्म होने में अभी वक्त है और यह आंकड़ा 1 जनवरी से 6 नवंबर 2026 के बीच ही पूरा हो गया।
इस दौरान एथर की सालाना बिक्री में 67 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। भारतीय ई-स्कूटर बाजार में कंपनी का मार्केट शेयर बढ़कर 16.32 प्रतिशत हो गया है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। टीवीएस मोटर और बजाज ऑटो के बाद एथर एनर्जी अब देश की तीसरी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी बन गई है।
महीने के हिसाब से देखें तो साल की शुरुआत से ही एथर के स्कूटरों को ग्राहकों का जबरदस्त रेस्पॉन्स मिला। जनवरी में कंपनी ने 23,486 यूनिट बेचीं। मार्च में बिक्री सबसे ऊपर रही और 36,630 यूनिट तक पहुंची। इसके बाद भी कई महीनों में कंपनी 30 हजार से ज्यादा यूनिट के आंकड़े को आराम से पार करती रही।
नवंबर में 6 तारीख तक 7,109 यूनिट बिकीं। इसके साथ इस साल की कुल बिक्री 3,01,133 यूनिट हो गई है। साल के आखिर तक यह आंकड़ा 3.50 लाख तक पहुंचने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
एथर की इस कामयाबी के पीछे स्कूटरों का कम चलाने का खर्च और दमदार फीचर्स बताए जा रहे हैं। एथर के इलेक्ट्रिक स्कूटर की रनिंग कॉस्ट सिर्फ 20 से 40 पैसे प्रति किलोमीटर आती है। इसके मुकाबले पेट्रोल स्कूटर का खर्च 2 से 3 रुपये प्रति किलोमीटर पड़ता है। इसी वजह से ग्राहक तेजी से ई-स्कूटर की तरफ मुड़ रहे हैं।
कंपनी के '450' (S और X) और 'रिज्टा' मॉडल इस कामयाबी में अहम रहे हैं। फैमिली स्कूटर सेगमेंट का मॉडल एथर रिज्टा और '450' सीरीज का स्पोर्टी लुक खासकर नौजवानों को पसंद आ रहा है। अगस्त में लॉन्च हुए 'कोनार्क' मॉडल के प्रोडक्शन में कुछ सीमाएं आईं, लेकिन मौजूदा लोकप्रिय मॉडलों के दम पर एथर ने देश में अपनी पकड़ और मजबूत की है।
देशभर में चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का बढ़ता दायरा और सरकार से मिलने वाला प्रोत्साहन भी है। इनके चलते आने वाले दिनों में एथर की बिक्री में और बढ़ोतरी का अनुमान जताया जा रहा है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।