मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
17:41 IST

एसटी बस की सीट अब व्हाट्सऐप से बुक होगी, महामंडल छह महीने में शुरू करने की तैयारी में

महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल व्हाट्सऐप के जरिए ई-टिकट, लाइव बस ट्रैकिंग और शिकायत की सुविधा शुरू करने जा रहा है।

एसटी बस की सीट अब व्हाट्सऐप से बुक होगी, महामंडल छह महीने में शुरू करने की तैयारी में
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (MSRTC) अपने यात्रियों का सफर आसान और हाईटेक बनाने की तरफ एक और कदम बढ़ा रहा है। राज्य की जीवन रेखा कही जाने वाली 'लाल परी' यानी एसटी बस अब डिजिटल दौर में पूरी तरह उतर रही है। महामंडल जल्द ही व्हाट्सऐप के जरिए ई-टिकटिंग, रियल-टाइम बस ट्रैकिंग और नागरिक सुविधाएं शुरू करने वाला है।

इसके लिए महामंडल के आईटी विभाग ने आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। महामंडल ने अगले 6 महीने में इसे लागू करने पर जोर दिया है। राज्य में गांवों से शहरों तक रोजाना लाखों लोग एसटी बस से सफर करते हैं। इनमें नागपुर संभाग के करीब 1 लाख लोग शामिल हैं, जो हर दिन एसटी से यात्रा करते हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक यात्रियों को अब कोई नया ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एसटी के व्हाट्सऐप चैटबॉट पर बस सर्च करके सीट चुनना, ऑनलाइन पेमेंट करना और ई-टिकट लेना, यह सारा काम चुटकियों में हो जाएगा। भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग से किया जा सकेगा, और कुछ ही सेकंड में ई-टिकट मिल जाएगा।

स्थानीय और ग्रामीण इलाकों के यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए यह सुविधा मराठी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में मिलेगी। महाराष्ट्र में लगभग हर स्मार्टफोन यूजर के पास व्हाट्सऐप पहले से है। इसलिए गांव और शहर, दोनों जगह के यात्री आसानी से टिकट बुक कर पाएंगे।

यह सिस्टम महामंडल के व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम से जुड़ा रहेगा। इसलिए यात्री घर बैठे व्हाट्सऐप पर अपनी बस की लाइव लोकेशन, पहुंचने का संभावित समय और खाली सीटों का ब्योरा देख सकेंगे।

सफर के दौरान बस की साफ-सफाई, देरी या ड्राइवर-कंडक्टर से जुड़ी कोई भी शिकायत व्हाट्सऐप पर ही दर्ज कराई जा सकेगी। शिकायत दर्ज होते ही एक यूनिक ट्रैकिंग नंबर मिलेगा, जिससे शिकायत के स्टेटस पर सीधे नजर रखी जा सकेगी।

टिकट का मूल किराया सीधे एसटी महामंडल के खाते में जमा होगा। यात्रियों के डेटा की गोपनीयता के लिए डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम 2023 के तहत साइबर सुरक्षा के कड़े मानक लागू रहेंगे।

महामंडल ने आने वाले 5 वर्षों में व्हाट्सऐप के जरिए लगभग 20.57 लाख से अधिक सफल टिकट बुकिंग का अनुमान जताया है। इस लक्ष्य को पाने के लिए कई रणनीतिक और तकनीकी इंतजाम किए गए हैं। महामंडल को भरोसा है कि बस कहां पहुंची और कब तक आएगी, यह जानकारी सिर्फ व्हाट्सऐप पर मिलने से नियमित यात्री अपने आप इस प्लेटफॉर्म की ओर खिंचेंगे। नियमित यात्रियों को उनके पसंदीदा रूट के हिसाब से खास नोटिफिकेशन और ऑफर भी दिए जाएंगे।

अभी एसटी बस के लिए ऑनलाइन सुविधा है, लेकिन व्हाट्सऐप पर टिकट बुकिंग की व्यवस्था अब तक नहीं है। महामंडल इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। इसके लागू होने से बड़े पैमाने पर यात्रियों का सफर और आसान होगा। नागपुर संभाग में अभी करीब 1 लाख लोग रोजाना एसटी बस से यात्रा करते हैं।

- तनुजा कालमेघ, विभागीय नियंत्रक, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे