एशियन गेम्स: एक ही दिन में दो मैच, प्रणॉय ने शेड्यूल को बताया पागलपन
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एच.एस. प्रणॉय ने एशियन गेम्स 2026 के मैच शेड्यूल पर सवाल उठाए हैं।
भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी एच.एस. प्रणॉय ने एशियन गेम्स 2026 में मैचों के शेड्यूल को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पहले और दूसरे मैच के बीच खिलाड़ियों को आराम के लिए ठीक से टाइम ही नहीं मिल रहा।
प्रणॉय का यह बयान तब आया जब भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी और उन्नती हुड्डा को शनिवार को एक ही दिन में दो दो मैच खेलने पड़े। इन दोनों का दूसरा मैच शाम को होने वाले राउंड ऑफ 16 के मैच से बस कुछ घंटे पहले खत्म हुआ था। प्रणॉय के मुताबिक इतने कम टाइम में लगातार दूसरा मैच खेलना खिलाड़ी के लिए शारीरिक और मानसिक, दोनों तरह से मुश्किल भरा हो जाता है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों को रिकवरी और अगले मैच की तैयारी के लिए सही टाइम मिलना चाहिए, वरना इसका असर परफॉर्मेंस पर भी पड़ सकता है।
प्रणॉय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इस साल एशियन गेम्स का शेड्यूल साउथ जोन चैंपियनशिप जैसा लग रहा है। टीम मेडल सेरेमनी रात 11 बजे तक चली, जिसके बाद कई खिलाड़ियों का अगला मैच अगले दिन ही था। और अब तो एक ही दिन में दो मैच रख दिए गए। उन्होंने इसे सीधे सीधे पागलपन बताया।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब आयुष और उन्नती दोनों राउंड ऑफ 16 में पहुंचे और उन्हें अपने अगले सिंगल्स मैच के लिए फिर से शाम को कोर्ट पर उतरना पड़ा। आयुष ने कजाकिस्तान के मखसुत ताजीबुल्लायेव को सीधे 21-7, 21-7 से हराया, वहीं उन्नती ने मलेशिया की वाँग लिंग चिंग को 21-14, 20-22, 21-19 से मात दी। उन्नती को यह जीत हासिल करने में पूरे 79 मिनट लगे।
दोनों खिलाड़ियों के ये मैच सुबह के सेशन में थे, इसलिए उन्हें सीधे शनिवार शाम के सेशन में फिर से मैदान में उतरना है। यानी दोनों स्टार शटलरों को अपने प्री क्वार्टर फाइनल मैच से पहले खुद को रिकवर करना होगा।
पहले मैच की बात करें तो वर्ल्ड रैंकिंग में 20वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने ताजीबुल्लायेव के खिलाफ मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने कजाकिस्तान के शटलर को कोई मौका ही नहीं दिया और सीधे सेटों में जीत दर्ज की। आयुष का अगला मैच चाइनीज ताइपे के चाउ टिएन चेन के खिलाफ होगा।
वहीं उन्नती को वर्ल्ड रैंकिंग में 38वें नंबर की खिलाड़ी वाँग के खिलाफ कड़ा मुकाबला करना पड़ा। उन्नती ने पहला सेट 21-14 से जीता, लेकिन उसके बाद वाँग ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 22-20 से अपने नाम कर लिया। हालांकि उन्नती ने तीसरा सेट अपने नाम करते हुए यह मैच जीत लिया।