एशियन गेम्स: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जापान को 50-25 से हराया, लगातार तीसरी जीत
पुष्पा राणा की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ग्रुप ए में जापान को बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जापान को 50-25 के स्कोर से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम ने ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
कप्तान पुष्पा राणा की अगुवाई में मैदान पर उतरी भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही जापान पर पूरा दबाव बना लिया था, जिसकी वजह से जापानी टीम को मुकाबले में वापसी का कोई मौका ही नहीं मिल पाया। भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर पहले हाफ में ही 32-13 की बढ़त बना ली थी। पहले हाफ में शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय टीम ने जापान को दो बार ऑलआउट किया और मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली।
दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी। रेडर्स लगातार पॉइंट्स बटोरते रहे, वहीं डिफेंडर्स ने जापानी रेडर्स को पॉइंट्स बनाने के ज्यादा मौके नहीं दिए। रेडिंग और डिफेंस, दोनों ही विभागों में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने 25 पॉइंट्स के बड़े अंतर से जोरदार जीत हासिल की।
भारतीय महिला टीम के बाद पुरुष कबड्डी टीम ने भी अपनी जीत की रफ्तार बनाए रखी है। गुरुवार को हुए ग्रुप ए के अपने आखिरी लीग मैच में भारत ने चीनी ताइपे को 37-21 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने ग्रुप स्टेज में अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा है। भारतीय पुरुष टीम बुधवार को बांग्लादेश को हराकर पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, और आज पुरुष टीम सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी।
इसके अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी जापान को 3-1 से हराकर 2026 के एशियन गेम्स में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की है। इस जीत से भारतीय टीम पूल बी में टॉप पर पहुंच गई है और सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की हो गई है। भारत ने इससे पहले अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराया था और गोलों की बारिश की थी। इस मैच में भारत के लिए लालरेम्सियामी, इशिका और नवनीत ने गोल किए, जबकि जापान के लिए शिहो कोबायाकावा ने अकेला गोल दागा।