एशियन गेम्स: अंकुश पंघाल फाइनल में, नरेंद्र को ब्रॉन्ज; परवीन हुड्डा भी फाइनल में
अंकुश पंघाल ने 80 किलो वर्ग के सेमिफाइनल में एर्किनबोव को 4-1 से हराया, नरेंद्र ओरकलबेक से 0-5 से हारे।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सर्स का अच्छा प्रदर्शन जारी है। पुरुषों के 80 किलो वजन वर्ग में अंकुश पंघाल ने सेमिफाइनल में फजलिद्दीन एर्किनबोव को हरा दिया। इस जीत के साथ वे फाइनल में पहुंच गए हैं और उनका मेडल पक्का हो गया है।
अंकुश ने सेमिफाइनल में एर्किनबोव पर 4-1 से जीत दर्ज की। पहले राउंड के आखिर में वे 1-4 से पीछे थे। लेकिन अपने दमदार पंच (Punch) के दम पर उन्होंने कांटे के मुकाबले में दूसरा राउंड 3-2 से अपने नाम किया।
तीसरे राउंड में भारतीय बॉक्सर दोनों में बेहतर रहे और यह राउंड उन्होंने 5-0 से जीत लिया। पांच में से चार जजों ने अंकुश के पक्ष में फैसला दिया और उन्होंने 4-1 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इन चारों जजों ने 29-28 का स्कोर दिया, जबकि एक जज ने उनके खिलाफ 28-29 से अंक दिए।
दूसरी तरफ नरेंद्र को अपने सेमिफाइनल में कजाखिस्तान के ओरकलबेक के हाथों 0-5 से हार झेलनी पड़ी। इसके साथ नरेंद्र को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। ओरलबे ने अपने जोरदार घूंसों से पूरे बाउट में दबदबा बनाए रखा। नरेंद्र भी अच्छा खेले, लेकिन वर्ल्ड चैंपियन के सामने भारी नहीं पड़ सके।
ओरलबे ने पहला राउंड 5-0 से जीता और अच्छे पंच लगाए। दूसरे राउंड में भी उनका दबदबा कायम रहा और उनके जोरदार हमलों ने नरेंद्र को मुश्किल में डाल दिया। तीसरे राउंड में कजाखिस्तान के बॉक्सर ने डिफेंसिव रुख अपनाया और भारतीय बॉक्सर पर 5-0 से जीत हासिल की।
इस जीत के साथ अंकुश ने इतिहास भी रच दिया। अमित पंघाल (49 किलो) ने 2018 जकार्ता गेम्स में गोल्ड जीता था। उनके बाद अंकुश एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष बॉक्सर बने हैं। फाइनल में पहुंचकर अंकुश ने बॉक्सिंग में भारत का एक और मेडल पक्का कर दिया है।
इससे पहले महिलाओं के 65 किलो वजन वर्ग में परवीन हुड्डा ने चीन की ली शू को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी। गोल्ड मेडल के मुकाबले में परवीन का सामना चीनी ताइपे की चेन निएन चिन से होगा।