एशियन गेम्स 2026: सात्विक-चिराग की जोड़ी पहले ही राउंड में थाईलैंड से हारकर बाहर
डिफेंडिंग चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले राउंड में थाई जोड़ी के हाथों झटका लगा।
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष डबल्स बैडमिंटन इवेंट में शुक्रवार को भारत को बड़ा झटका लगा। डिफेंडिंग चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पहले ही राउंड में बाहर हो गई। दोनों को थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन और पक्कापॉन तीरतसाकुल की जोड़ी ने हराया।
यह मुकाबला इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में खेला गया। वर्ल्ड रैंकिंग में पांचवें नंबर पर मौजूद भारतीय जोड़ी को वर्ल्ड रैंकिंग में 36वें नंबर की थाई जोड़ी से 21-12, 19-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही सात्विक और चिराग की पहले ही राउंड में विदाई हो गई।
दोनों खिलाड़ी हाल ही में चाइना मास्टर्स टूर्नामेंट जीतकर एशियन गेम्स में उतरे थे। चाइना मास्टर्स के फाइनल में एक सेट से पिछड़ने के बाद उन्होंने वापसी करते हुए 70 मिनट तक चले मुकाबले में चीन के हे जितिंग और रेन शियांग्यू को 11-21, 21-13, 21-17 से हराया था।
एशियन गेम्स के इस मुकाबले में सात्विक-चिराग ने शुरुआत शानदार की थी। पहला सेट उन्होंने 21-12 से अपने नाम कर मैच पर पूरी पकड़ बना ली थी। लेकिन सुकफुन और तीरतसाकुल ने दूसरे सेट में भारतीय जोड़ी को पीछे धकेल दिया। थाई खिलाड़ियों ने अगली दोनों सेटों में दबदबा बनाकर मैच का पूरा रुख बदल दिया। दूसरा सेट थाई जोड़ी ने 24 मिनट में 21-19 से जीता।
तीसरे और आखिरी सेट में भी सात्विक-चिराग को नाकामी हाथ लगी। थाई जोड़ी ने इस सेट में भी दमदार खेल दिखाते हुए महज 19 मिनट में 21-14 से मुकाबला जीतकर सबको चौंका दिया।
वहीं मिक्स्ड डबल्स में तनिषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी ने लगातार दो जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। पहले राउंड में तनिषा-ध्रुव ने मालदीव के निबाल अहमद और अमिनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक को 21-8, 21-7 से हराया था। इसके बाद उन्होंने मलेशिया के शेवॉन जेनी लाई और सून हुआत गोह की जोड़ी को एक घंटे तक चले कड़े मुकाबले में 22-20, 24-22 से हराकर टॉप आठ में जगह पक्की की।
क्वार्टर फाइनल में तनिषा-ध्रुव की जोड़ी का सामना चीन के यान झे फेंग और डोंगपिंग हुआंग की जोड़ी से होगा। इससे पहले महिला सिंगल्स में उन्नती हुडा ने भी दूसरे राउंड में जगह बना ली है। उन्नती ने उत्तर कोरिया की मी सॉन्ग यू को 30 मिनट के मुकाबले में 21-9, 21-10 से हराया।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।