एशियन गेम्स 2026: दक्षिण कोरिया के मैच से पहले गलती से बजा उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान, वीडियो वायरल
जापान में चल रहे एशियाई खेलों में हॉकी मैच से पहले हुई इस चूक पर खिलाड़ी हैरान रह गए, मामला इतना बढ़ा कि दक्षिण कोरिया की ओलंपिक कमेटी ने औपचारिक माफी की मांग कर दी।
जापान में चल रहे एशियाई खेलों 2026 के दौरान एक बड़ी और गंभीर आयोजन संबंधी चूक ने पूरी स्पोर्ट्स दुनिया का ध्यान खींच लिया है। 18 सितंबर को दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के बीच पुरुषों के हॉकी मैच से ठीक पहले यह गड़बड़ी हुई। इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट की परंपरा के मुताबिक मैच शुरू होने से पहले दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए जाते हैं, लेकिन जब दक्षिण कोरिया का राष्ट्रगान बजने की बारी आई, तो स्टेडियम के स्पीकर पर अचानक उनके कट्टर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजने लगा। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
राष्ट्रगान के लिए कतार में खड़े दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी, कोच और अधिकारी पहले सुर बजते ही चौंक गए। कुछ ही पलों में खिलाड़ियों को समझ आ गया कि यह उनके देश का नहीं बल्कि उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बज रहा है। खिलाड़ियों के चेहरे पर साफ हैरानी और बेचैनी दिख रही थी। आयोजकों को यह गलती समझने में कुछ मिनट लग गए। गलती पकड़ में आते ही उन्होंने तुरंत उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बंद किया और कुछ देर बाद दक्षिण कोरिया का सही राष्ट्रगान बजाया गया। इस पूरे गड़बड़ और तकनीशियन की चूक की वजह से मैच अपने तय समय से देरी से शुरू हुआ।
उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया, इन दो पड़ोसी देशों के बीच पिछले कई दशकों से गहरा राजनीतिक और सैन्य तनाव चला आ रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। इतने संवेदनशील माहौल में दक्षिण कोरिया की जगह उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजाना कोई मामूली तकनीकी चूक नहीं बल्कि एक गंभीर अंतरराष्ट्रीय लापरवाही मानी जा रही है। इस वजह से दक्षिण कोरिया के स्पोर्ट्स अधिकारियों में जबरदस्त गुस्सा फैल गया।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोरियन स्पोर्ट्स एंड ओलंपिक कमिटी (KSOC) ने एशियाई खेल आयोजन समिति (AINAGOC) के पास तुरंत लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रगान और खिलाड़ियों की पहचान का अपमान होने की बात कहते हुए आयोजन समिति से सार्वजनिक और औपचारिक माफी मांगने की जोरदार मांग की गई है। इसके अलावा आगे के मैचों में ऐसी संवेदनशील चूक दोबारा न हो, इसके लिए ठीक सुरक्षा और जांच व्यवस्था लागू करने का भरोसा भी मांगा गया है।
राष्ट्रगान को लेकर हुए इस हंगामे के बीच मैदान पर एक और अजीब वाकया हुआ। आयोजकों के गलती सुधारकर सही राष्ट्रगान पूरा बजाने से पहले ही मैदान में मौजूद अंपायर ने जल्दबाजी में खिलाड़ियों को हाथ मिलाकर खेल शुरू करने का इशारा कर दिया, जिससे माहौल और उलझ गया। हालांकि स्टेडियम के मुख्य अनाउंसर ने तुरंत माइक पर इस गलती के लिए खेद जताया और कहा कि तकनीकी वजह से गलत रिकॉर्डिंग बज गई, साथ ही सभी दर्शकों और दोनों टीमों से माफी मांगी।
मैदान के बाहर और राष्ट्रगान के दौरान हुए इस बड़े विवाद के बावजूद दक्षिण कोरिया की हॉकी टीम का ध्यान नहीं भटका। खिलाड़ियों ने इस पूरे मामले का जवाब मैदान पर अपने बेहतरीन खेल से दिया। ग्रुप ए के इस मैच में दक्षिण कोरिया की टीम ने शुरुआत से ही बांग्लादेश पर पूरा दबदबा बनाए रखा और 5-0 के बड़े अंतर से मैच अपने नाम कर लिया।
इस ग्रुप में दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के साथ भारत, जापान, श्रीलंका और इंडोनेशिया जैसी मजबूत टीमें भी शामिल हैं, इसलिए हर मैच सेमीफाइनल के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर दक्षिण कोरिया की महिला हॉकी टीम ने भी एशियाई खेलों में अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की है, उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में चायनीज ताइपे को 3-1 से हराया।
एशियाई खेलों जैसे इतने बड़े और वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इवेंट में राष्ट्रगान जैसे संवेदनशील मामले में ऐसी लापरवाही की चूक कैसे हो सकती है, यह सवाल अब दुनियाभर के स्पोर्ट्स फैंस पूछ रहे हैं। जापान की लोकल आयोजन समिति की ओर से इस औपचारिक शिकायत पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन इस घटना ने एशियाई खेल 2026 की शुरुआत में ही आयोजकों के कामकाज पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।