दूसरी शादी के बाद भी पहली पत्नी को देता था यातनाएं
मारपीट करके लौटा था घर से, साथियों सहित सूत्रधार साला गिरफ्तार, मेडिकल चौक का गनी वासनिक हत्याकांड
नागपुर.
दूसरी शादी करने के बाद भी पहली पत्नी को यातनाएं देने की वजह से कुख्यात अपराधी पलास उर्फ गनी वासनिक को जान गवानी पड़ी है. बहन के साथ हुए अत्याचार से संतप्त होकर ही पहली पत्नी के भाई आयुष उर्फ चिंटू धुपे ने दो साथियों के साथ मिलकर गनी की हत्या को अंजाम दिया है. आयुष ने पूछताछ में यह जानकारी दी है. गुरुवार की रात मेडिकल चौक जैसे अत्यंत व्यस्त इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है. अजनी पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुख्य आरोपी आयुष धुपे के साथ अथर्व भगत (20) और सुमेध मेश्राम (24) को गिरफ्तार किया है.
बहन के साथ मारपीट बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, इमामबाड़ा थाना क्षेत्र के रामबाग निवासी गनी वासनिक की पहली पत्नी आयुष की बहन है. शादी के कुछ समय बाद से ही गनी उसे प्रताड़ित करने लगा था. पत्नी ने कई मर्तबा इमामवाड़ा थाने में गनी की शिकायत भी दर्ज कराई थी. पुलिस घरेलु विवाद बताकर सख्त कार्रवाई नहीं करती थी. लगातार यातनाओं से त्रस्त होकर पत्नी ने गनी को छोड़ दिया था. गनी ने भी दूसरी महिला से शादी कर ली थी. दूसरी पत्नी के साथ सावनेर में रहने लगा था. इसके बावजूद उसने पहली पत्नी का पीछा नहीं छोड़ा और उसे परेशान करना जारी रखा.
गुरुवार रात गनी अपना सामान लेने रामबाग पहुंचा था. वहां पहली पत्नी से उसका विवाद हो गया. उसने पत्नी के साथ गालीगलौज और मारपीट की. उसे धमकी देकर चला गया. उसने शायद यह अंदाजा भी नहीं लगाया होगा कि कुछ ही देर में उसका सामना मौत से होने वाला है.
साले के सिर पर सवार हुआ बदले का जुनून
कुछ देर बाद आयुष उर्फ चिंटू घर पहुंचा. बहन और परिजनों ने उसे गनी की मारपीट और धमकियों की जानकारी दी. यह सुनते ही आयुष का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. बहन के साथ हुए दुर्व्यवहार का बदला लेने के लिए वह अपने साथियों अथर्व भगत और सुमेध मेश्राम के साथ गनी की तलाश में निकल पड़ा. तीनों को गनी मेडिकल चौक पर चाय पीते हुए दिखाई दिया. आरोपियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया. धारदार हथियार से वार करने के बाद पत्थर और गमले से उसका सिर बुरी तरह कुचल दिया. हमले में गनी की मौके पर ही मौत हो गई.
भीड़ के सामने खूनी खेल, दहशत में भागे लोग
मेडिकल चौक शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है. वारदात के समय चौक पर काफी भीड़ मौजूद थी. अचानक हुए इस खूनी हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई. फूड के ठेले और राहगीर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. बीच सड़क पर हुई हत्या ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों में कानून के खौफ को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अजनी पुलिस ने घटना के बाद जांच और तलाश शुरू की तथा शुक्रवार तड़के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मृतक गनी वासनिक का भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ लूटपाट, हफ्ता वसूली और आगजनी सहित 22 गंभीर मामले दर्ज थे. वर्ष 2023 में एटीएस ने उसे फर्जी पासपोर्ट और अवैध प्रवास के मामले में गिरफ्तार किया था. वहीं, आरोपी अथर्व भगत के खिलाफ हत्या के प्रयास और सुमेध मेश्राम के खिलाफ मारपीट सहित कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
जोन-4 में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल
शहर में लगातार हो रही हत्याओं ने पुलिस विभाग की छवि को पहले ही प्रभावित किया है. इमामबाड़ा और आसपास के इलाकों में अपराधियों की गतिविधियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं. अब मेडिकल चौक जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर सरेराह हत्या ने पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जोन-4 के अंतर्गत आने वाले थानों में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर आला अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी चर्चा के घेरे में है. गुरुवार को वैसे भी शहर पुलिस वीआईपी की शादी में काफी व्यस्त थी. इमामवाड़ा थाना परिसर अपराधी और अवैध धंधों को लेकर हमेशा बदनाम रहा है. गनी की हत्या से पून: चर्चा में आ गया है.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।