'दूसरी पार्टी' का साथ देने के संदेह में हमला
कड़े से सिर और नाक पर वार, जरीपटका थाने में मामला दर्ज
नागपुर के जरीपटका इलाके में 'दूसरी पार्टी' के लोगों के साथ घूमने को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मेकोसाबाग की क्रिश्चियन कॉलोनी में चार आरोपियों ने युवक से विवाद किया और फिर उसके साथ हाथ-बुक्कों से मारपीट की. जरीपटका पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह घटना 22 सितंबर की रात मेकोसाबाग स्थित क्रिश्चियन कॉलोनी के नाले के पास की है। पुलिस के मुताबिक लष्करीबाग निवासी 22 वर्षीय अनिकेत प्रदीप खोब्रागड़े अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान अलक्षीत अंबादे, मनीष समुद्रे, तुषार उर्फ मेन्डी और सोनम वहां पहुंचे. आरोपियों ने अनिकेत से पूछा कि वह उनकी विरोधी पार्टी के लोगों के साथ क्यों रहता है. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. चारों गाली-गलौज करते हुए अनिकेत से मारपीट करने लगे. अलक्षीत अंबादे ने हाथ में पहने कड़े से अनिकेत के सिर और नाक पर वार किया. वह घायल हो गया. उपचार के बाद अनिकेत की शिकायत पर जरीपटका पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपी मनीष समुद्रे के खिलाफ पाचपावली थाने में दो मामले भी दर्ज हैं.