दिवाली में नई कार लेनी है? बेस मॉडल से 6 एयरबैग वाली 5 हैचबैक बजट में
अल्टो K10, सेलेरियो, टियागो, वैगनआर और ग्रैंड i10 निओस में अब 6 एयरबैग मिलते हैं।
दिवाली नज़दीक आते ही कई घरों में कुछ नया खरीदने की बात शुरू हो जाती है, और नई गाड़ी का प्लान भी बनता है। लेकिन गाड़ी लेते वक्त सिर्फ माइलेज या लुक देखना काफी नहीं है, सेफ्टी सबसे ज़रूरी चीज़ है। पहले 6 एयरबैग बड़ी और महंगी गाड़ियों में ही मिलते थे। अब कंपनियों ने सोच बदली है और बेस मॉडल में भी 6 एयरबैग मिल रहे हैं। कम बजट में ज़्यादा सेफ्टी चाहिए तो ये 5 हैचबैक देखी जा सकती हैं।
पहली गाड़ी है मारुति अल्टो K10, जिसकी कीमत 3.70 लाख से 5.45 लाख है। अल्टो भारत की सबसे ज़्यादा बिकने वाली गाड़ी है और इसमें पहले सिर्फ 2 एयरबैग मिलते थे। 2025 में मारुति ने बड़ा बदलाव किया और अब बेस मॉडल से ही 6 एयरबैग स्टैंडर्ड हैं। पुराने मॉडल को GNCAP में 2 स्टार मिले थे, पर अब 6 एयरबैग से सेफ्टी बढ़ी है। कम खर्च में फैमिली के लिए सुरक्षित गाड़ी चाहिए तो अल्टो का कोई पर्याय नहीं है।
दूसरी गाड़ी मारुति सेलेरियो है, जिसकी कीमत 4.70 लाख से 6.75 लाख है। 2021 में लॉन्च हुई तब इसमें 2 एयरबैग थे। 2025 के नए अपडेट में अब सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग मिल रहे हैं। इसका सीधा फायदा क्रैश टेस्ट में दिखा है। 2 एयरबैग के वक्त सिर्फ 1 स्टार मिलता था, अब 6 एयरबैग के बाद 3 स्टार रेटिंग मिली है।
तीसरे नंबर पर टाटा टियागो है, जिसकी कीमत 4.77 लाख से 8.62 लाख है। यह टाटा की सबसे छोटी गाड़ी है, फिर भी सेफ्टी में बड़ी गाड़ियों को टक्कर देती है। कंपनी ने इसमें भी 6 एयरबैग स्टैंडर्ड कर दिए हैं और बॉडी को भी ज़्यादा मज़बूत किया है। पुराने मॉडल को 2020 में 4 स्टार मिले थे। नए मॉडल का टेस्ट अभी नहीं हुआ है, लेकिन कंपनी का कहना है कि उसे और बेहतर स्टार मिलेंगे।
चौथी गाड़ी मारुति वैगनआर है, जिसकी कीमत 4.99 लाख से 7.24 लाख है। ऊंचाई और स्पेस के लिए मशहूर यह फैमिली कार काफी पसंद की जाती है। 2025 से इसमें भी 6 एयरबैग स्टैंडर्ड आने लगे हैं। 2023 में 2 एयरबैग वाले मॉडल को सिर्फ 1 स्टार मिला था, पर अब 6 एयरबैग से यह ज़्यादा सुरक्षित हो गई है। रोज़ के इस्तेमाल और लंबे सफर, दोनों के लिए यह अच्छा विकल्प है।
पांचवीं गाड़ी ह्युंदै ग्रैंड i10 निओस है, जिसकी कीमत 5.60 लाख से 8.09 लाख है। 2019 में आई तब इसमें 2 एयरबैग थे। बाद में टॉप मॉडल में 6 एयरबैग किए गए, और 2023 के अपडेट के बाद अब सभी मॉडल में 6 एयरबैग मिलते हैं। सेफ्टी के साथ इसमें काफी फीचर्स भी हैं। स्टाइलिश लुक और सुरक्षा दोनों चाहिए तो निओस अच्छा ऑप्शन है। 2020 में इस गाड़ी को 2 स्टार मिले थे।