दिनदहाड़े वृद्धा से लूट के बाद दहशत में नागरिक
पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
नागपुर: बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र की मॉडर्न मिल सोसायटी में दिनदहाड़े घर में घुसकर वृद्धा से लूट की वारदात के बाद स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि घटना के बाद से उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, डिलीवरी बॉय बनकर पहुंचे आरोपियों ने 60 वर्षीय उषा धार्मिक के घर में घुसकर चाकू की नोक पर उनका मंगलसूत्र लूट लिया था। घटना के बाद उषा के बेटे ने पड़ोसियों की मदद से आरोपी सुमेध गजभिये और उसके साथी दीपक पाटील को पकड़ लिया था।
बताया गया कि दीपक लोगों के चंगुल से भागने में सफल रहा, जबकि सुमेध को नागरिकों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई किए जाने की बात सामने आई है। नागरिक उसे बेलतरोड़ी पुलिस थाने लेकर गए थे। पुलिस द्वारा मेडिकल जांच के लिए ले जाए जाने के दौरान सुमेध की मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं और पुलिस प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।