धुले में गर्भवती महिला को जिंदा जलाया, 11 घंटे की CCTV फुटेज से चार आरोपी गिरफ्तार
कला केंद्र में हुए आपसी विवाद के बाद रायगड की एक गर्भवती महिला को बीड में पीटा गया और फिर धुले के पास जिंदा जला दिया गया। पुलिस ने 11 घंटे की CCTV फुटेज खंगालकर तीन दिन में चार लोगों को गिरफ्तार किया, दो अभी फरार हैं।
महाराष्ट्र के धुले जिले से एक बेहद दर्दनाक और गुस्सा दिलाने वाली खबर सामने आई है। रायगड की रहने वाली 31 साल की एक गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मरने वाली महिला का नाम पिंकी हनुमंत काटकर बताया जा रहा है। यह पूरा मामला एक कला केंद्र में काम करने के दौरान हुए आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक मृतक पिंकी काटकर और इस मामले के आरोपी एक ही कला केंद्र में साथ काम करते थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद हो गया था। इसी विवाद की रंजिश में आरोपियों ने बीड में इस गर्भवती महिला की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी उसे गाड़ी में डालकर राजस्थान की तरफ भाग निकले। रास्ते में जब वे धुले के पास गरताडबारी इलाके में पहुंचे तो आरोपियों ने बेहोश पड़ी इस गर्भवती महिला के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। इस क्रूर वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
घटना सामने आते ही मोहाडी पुलिस स्टेशन और लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) के अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। पुलिस ने हाइवे पर लगे अलग-अलग CCTV कैमरों की फुटेज लगातार 11 घंटे तक बारीकी से खंगाली। इसी तकनीकी जांच के दौरान पुलिस का शक एक हुंडई मोबिलियो गाड़ी (नंबर MH 43 / AR 4070) पर गया। इसी गाड़ी और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने धाराशिव और अहिल्यानगर में छापेमारी करके कला केंद्र में काम करने वाली दो महिलाओं समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सरफराज उर्फ शफीक आलिम मोमिन (38, निवासी धाराशिव), आरिफ उर्फ खुज्या आसिफ शेख (31, निवासी धाराशिव), स्वाती उर्फ आरती गणेश कुऱ्हाडे (28, निवासी अहिल्यानगर) और लक्ष्मी बालाजी पवार (30, निवासी धाराशिव) शामिल हैं। वहीं इसी मामले में फारुख शेख (निवासी धाराशिव) और रोहिणी जाधव (निवासी छत्रपती संभाजीनगर) अभी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने इतने चुनौतीपूर्ण मामले को महज तीन दिन के अंदर सुलझा लिया। जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय देवरे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजकुमार उपासे के मार्गदर्शन में मोहाडी पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक शिल्पा पाटील और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस इस मामले की आगे भी जांच कर रही है।