धरमपेठ के 'द पर्पल मार्टिनी' लाउंज में पुलिस की रेड, हुक्का सामग्री जब्त.
मालिक-मैनेजर पर FIR
नागपुर | 23 सितंबर 2026
नागपुर के सीताबर्डी जोन-2 परिमंडल अंतर्गत धरमपेठ के कॉफी हाउस चौक क्षेत्र में स्थित 'द पर्पल मार्टिनी' रूफटॉप लाउंज में पुलिस ने हुक्का संचालन के मामले में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान हुक्का सेवन में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, परिमंडल-2 की पुलिस उपायुक्त अन्नपूर्णा सिंह के दस्ते को प्रतिष्ठान में हुक्का चलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे लाउंज में जांच की। कार्रवाई के दौरान वहां हुक्का सेवन कर रहे कुछ युवक-युवतियों और अन्य ग्राहकों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई। पुलिस की भनक लगते ही कुछ ग्राहक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने रेस्टोरेंट की तलाशी के दौरान 12 कांच के हुक्का पॉट, विभिन्न रंगों के रबर पाइप, चिलम, 22 प्लास्टिक फिल्टर और अलग-अलग फ्लेवर के तंबाकूजन्य पदार्थ जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने रेस्टोरेंट के मालिक ऋत्विक जितेंद्र भावसार (वैशालीनगर) और मैनेजर नितेश धर्मेंद्र पटेल (गवळीपुरा, धरमपेठ) के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के तहत सीताबर्डी थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई को लेकर भी उठे सवाल
स्थानीय स्तर पर यह आरोप भी लगाए जाते रहे हैं कि प्रतिष्ठान के संचालक के कुछ पुलिस कर्मचारियों एवं अधिकारियों से कथित संबंध हैं और इसी वजह से यहां नियमित कार्रवाई नहीं होती। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित प्रतिष्ठान संचालक या पुलिस अधिकारियों का इस आरोप पर आधिकारिक पक्ष भी सामने नहीं आया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निजी निवास के बेहद करीब चल रहे 'द पर्पल मार्टिनी' हुक्का लाउंज पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद कई सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद अब यह जांच का विषय है कि प्रतिष्ठान में कथित रूप से हुक्का संचालन कब से किया जा रहा था और इससे पहले इस संबंध में कोई शिकायत अथवा कार्रवाई हुई थी या नहीं।
फिलहाल सीताबर्डी पुलिस ने मामला दर्ज कर जब्त सामग्री और पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।