अपराधियों ने मारपीट करके मांगा हफ्ता
नागपुर.
तहसील थाने के तहत अपराधियों ने दर्जी का काम करनेवाले व्यक्ति से मारपीट करके 20 हजार का हफ्ता मांगा है. यह मामला नागपुर के तहसील थाना क्षेत्र के पांचपावली पहले रेलवे फाटक परिसर का है. संजय खरबिकर पांचपावलेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए गए थे. यहां से दुपहिया पर लौटते वक्त पांचपावली के पहले फाटक के पास स्थित चंद्रशेखर भिसीकर की चाय दुकान के सामने अचानक तीन युवक खरबिकर की बाइक के सामने आए. संजय खरबिकर ने युवकों को रास्ते से हटने को कहा. युवक विवाद करने लगे. वह गालियां देते हुए मारपीट करने लगे. उन्होंने सड़क से बड़ा पत्थर उठाकर बाइक पर मार दिया. खरबिकर की चाय की दुकान चलानेवाले भिसीकर से दोस्ती है. वह भिसीकर की दुकान पर पहुंचे. वहां चाय पीने के दौरान आरोपी युवक पून: लौट आए. खरबिकर से मारपीट करने लगे. भिसीकर बीच-बचाव करने लगे. आरोपियों ने भिसीकर को चाकू दिखाकर धमकाते हुए चाय की दुकान चलाने के बदले में हर माह 20 हजार रुपये हफ्ता देने को कहा. हफ्ता नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. खरबिकर ने तहसील थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर सोहम उर्फ सोनू निमजे और अक्षय धकाते को गिरफ्तार किया है. तीसरा आरोपी फरार है. सोहम निमजे के खिलाफ पहले से एनडीपीएस और अवैध हथियार के मामले दर्ज है. अक्षय धकाते का भी पुराना रिकार्ड है.