आरसीबी के ड्रमर देवा का 64 साल की उम्र में निधन, पहले मैच से थे टीम के साथ
चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के पहले मैच से टीम के साथ रहे ड्रमर देवा का रविवार आधी रात को निधन हो गया।
आईपीएल की मशहूर टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ा झटका लगा है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पहले मैच से टीम के साथ रहने वाले ड्रमर देवा का निधन हो गया। रविवार को आधी रात के वक्त लंबी बीमारी की वजह से उन्होंने आखिरी सांस ली।
आरसीबी ने सोशल मीडिया पर देवा की ड्रम बजाते हुए कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों के साथ टीम ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा है।
आरसीबी मैनेजमेंट की तरफ से बताया गया कि देवा काफी समय से टीम के साथ थे। उन्हें एक बीमारी लग गई थी, जो इतनी बढ़ गई कि वे उससे उबर नहीं सके। मैनेजमेंट के मुताबिक वे आरसीबी परिवार का एक अहम हिस्सा थे।
पोस्ट के कैप्शन में मैनेजमेंट ने लिखा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पहले मैच के यादगार पल हों या देवा का ड्रम बजाना, मैच के दिन आरसीबी के लिए यह अनुभव का अलग-अलग हिस्सा रहा है।
कैप्शन में आगे कहा गया कि रविवार को आधी रात 64 साल की उम्र में सेहत से जुड़ी वजहों से हमने देवा को खो दिया। उन्हें प्यार से कन्नड का 'शिवमणी' कहा जाता था। पोस्ट के मुताबिक देवा के वाद्य की आवाज चिन्नास्वामी स्टेडियम में हमेशा गूंजती रहेगी और वह हमेशा आरसीबी की लोक परंपरा का हिस्सा रहेगी। कई साल तक हमारा मनोरंजन करने के लिए शुक्रिया। उनकी आत्मा को शांति मिले।
आरसीबी ने अपना पहला खिताब 2025 में जीता था। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद फ्रैंचाइजी ने ट्रॉफी उठाई थी। यह कमाल रजत पाटीदार की कप्तानी में हुआ। इससे पहले विराट कोहली से लेकर कई दिग्गज इस फ्रैंचाइजी की कमान संभाल चुके थे, लेकिन कोई टीम को खिताब नहीं दिला सका था।
पाटीदार की कप्तानी का असर यहीं नहीं रुका। अगले सीजन यानी इस साल 2026 में भी टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की। इसलिए फ्रैंचाइजी लगातार तीसरी बार खिताब जीतने पर नजर रखेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि अगले सीजन में गत विजेता के रूप में आरसीबी कैसा खेलती है।