पुणे के म्हालुंगे में नौवीं के छात्र ने सहपाठी छात्रा पर चाकू से किया हमला, स्कूल ने निकाला
इंस्टाग्राम पर डाले गए डांस वीडियो को डिलीट करवाने की खुन्नस में नौवीं के छात्र ने क्लास की लड़की पर चाकू चला दिया। लड़की अस्पताल में है और उसकी हालत स्थिर है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पुणे के म्हालुंगे-बालेवाडी इलाके की एक नामी स्कूल में शुक्रवार दोपहर खून-खराबे की वारदात हो गई। नौवीं में पढ़ने वाले एक लड़के ने अपनी ही क्लास की नाबालिग लड़की पर चाकू से हमला कर दिया। यह घटना स्कूल की सातवीं मंजिल पर हुई। हमलावर लड़का एक आईटी इंजीनियर का बेटा बताया गया है।
बताया गया कि वारदात शुक्रवार, 23 तारीख को दोपहर करीब सवा दो बजे की है। हमले में लड़की जख्मी हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर है।
इस झगड़े की जड़ स्कूल की सैर यानी ट्रिप में पड़ी थी। स्कूल के बच्चे 17 से 19 अक्टूबर के बीच महाबलेश्वर और पाचगणी घूमने गए थे। वहां जख्मी लड़की और उसकी सहेलियां डांस कर रही थीं। हमला करने वाले लड़के ने उसका वीडियो अपने मोबाइल में शूट कर लिया।
लड़कियों ने उसे टोका, तो उसने वीडियो डिलीट कर दिया। लेकिन आरोप है कि उसने रिसायकल बिन से वह वीडियो वापस निकाल लिया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। जब यह बात लड़की और उसकी सहेलियों को पता चली, तो उन्होंने अपने दोस्तों की मदद से लड़के पर दबाव बनाया और इंस्टाग्राम से वह वीडियो हटवा दिया।
बताया गया है कि वीडियो हटवाए जाने का गुस्सा लड़के के मन में बैठ गया था। इसी रंजिश में उसने शुक्रवार को स्कूल में लड़की पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वीडियो को लेकर बच्चों के बीच पहले भी कहासुनी हुई थी।
घटना की खबर मिलते ही बावधन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जख्मी लड़की का बयान दर्ज कर लिया है और इस मामले में केस दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है। हमला करने के आरोपी लड़के को, जो कानून की नजर में विधि से संघर्षरत बालक है, पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।
उधर स्कूल ने आरोपी छात्र को स्कूल से निकाल दिया है। इस वारदात के बाद लोगों में काफी गुस्सा है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।