दहिसर में तंत्र-मंत्र के नाम पर बुजुर्ग दंपती से 6.38 करोड़ रुपये की ठगी, 10 पर केस
दहिसर में तंत्र-मंत्र, जादू-टोने और अघोरी पूजा का डर दिखाकर रिटायर्ड बुजुर्ग दंपती से 6.38 करोड़ रुपये ठगे गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे समेत 10 लोगों पर केस दर्ज किया है।
मुंबई के दहिसर इलाके में अंधविश्वास का डर दिखाकर एक रिटायर्ड बुजुर्ग दंपती से 6.38 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 10 साल तक दंपती को तंत्र-मंत्र, जादू-टोने और अघोरी पूजा के जाल में फंसाकर रखा गया। डायन, श्राप और बुरी शक्तियों का डर दिखाकर उनसे पैसे ऐंठे गए।
दहिसर पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को केस दर्ज किया। शिकायत परसिस दारा मेहता की है। इसमें मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे समेत 10 लोगों के नाम हैं। देशपांडे को दिंडोशी पुलिस पहले ही एक दूसरे मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक ठगी की शुरुआत दिसंबर 2016 में हुई। दहिसर पूर्व की गायत्री सोसायटी में रहने वाली परसिस मेहता की पड़ोसन मेघना इनामदार ने उनकी पहचान पनवेल की रमाबाई साने और उमेश देशपांडे से कराई। उस वक्त परसिस के पति दारा मेहता को तीन बार लकवे का अटैक आ चुका था। घर में वास्तुदोष और जादू-टोना बताकर पूजा के नाम पर आरोपियों ने पहले 40 ग्राम की सोने की चेन और 3.85 लाख रुपये लिए।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने ठगी के लिए कई काल्पनिक किरदार और फर्जी पहचानें गढ़ी थीं। उमेश देशपांडे आवाज बदलकर खुद को हैदराबाद के मठ का 108 साल का गुरुवर्य बताता था। अश्विनी गायकवाड खुद को स्नेहलता दीक्षित उर्फ बाईसाहेब बताती थी, जबकि वृषाली गायकवाड रमाबाई साने बनकर बात करती थी। दंपती को यह झूठी कहानी भी सुनाई गई कि रमाबाई की हत्या हो गई और बाईसाहेब ने कामशेत में समाधि ले ली। इसके बाद दंपती से गुरुवर्य के हर आदेश का पालन कराया गया।
आरोप है कि घर में अघोरी पूजा कराई गई और काली गुड़िया रखी गई। दंपती को नेपाल के एक साधु की भस्म और सिंदूर खाने को दिया गया। उनसे कहा गया कि घर की संपत्ति पर डायन और बुरी शक्तियों का असर है और ऐसा न करने पर पति और दोनों बेटों की जान को खतरा है। इस तरह उन्हें मानसिक दबाव में रखा गया।
संपत्ति शुद्ध करने के नाम पर दहिसर और बोरीवली के 4 फ्लैट बिकवाए गए। इनसे मिले करीब 3.02 करोड़ रुपये आरोपियों ने हड़प लिए। करीब 1.60 करोड़ रुपये के शेयर भी बिकवाए गए। बैंक और पोस्ट ऑफिस से 45 लाख रुपये निकलवा लिए गए। घर का फर्नीचर भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया।
मठ बनाने के नाम पर दंपती को एक सूदखोर से हर महीने 8 प्रतिशत ब्याज पर 45 लाख रुपये का कर्ज लेने पर मजबूर किया गया। शिकायत के मुताबिक इस कर्ज को चुकाने में दंपती के करीब 90 लाख रुपये खर्च हो गए।
जून 2025 में आर्थिक तंगी में फंसे दंपती ने हैदराबाद जाने के लिए पड़ोसी रवींद्र किणी से 24 हजार रुपये उधार मांगे। दंपती की हालत देखकर किणी को शक हुआ और उन्होंने पूछताछ शुरू की। आशंका है कि आरोपियों ने ठगी के पैसों से गोरेगांव के नागरी निवारा परिषद इलाके में कई फ्लैट खरीदे। दहिसर पुलिस बाकी आरोपियों की भूमिका और ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों की जांच कर रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।