रतलाम के सातरुंडा में सीएम का पुतला जलाने पर पुलिस और कांग्रेसियों में खींचतान
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
रतलाम ग्रामीण कांग्रेस ने सातरुंडा चौराहे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला जलाया। पुलिस से झूमाझटकी हुई और जीतू पटवारी ने किसानों के मुद्दे पर भाजपा पर सवाल उठाए।
रतलाम के सातरुंडा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला जलाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। पुलिस पुतला छीनने और आग बुझाने के लिए बाल्टियां लेकर दौड़ती रही।
शुक्रवार दोपहर रतलाम ग्रामीण कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर सातरुंडा चौराहे पर यह पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस को लेकर जो कथित विवादित बयान दिया था, उसी के विरोध में प्रदर्शन रखा गया था।
पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की तो कार्यकर्ताओं ने उसे बचाने का प्रयास किया। आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशन सिंघार पुतले को पकड़कर सड़क पर लेट गए, लेकिन पुलिस ने उनसे पुतला छीन लिया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के पोस्टर भी जलाए और नारेबाजी की। दोनों तरफ की खींचतान में पुतला आधा ही जल पाया। बाद में पुलिस ने उसका बचा हुआ हिस्सा भी छीन लिया और इस दौरान पुतला दो टुकड़ों में बंट गया।
पुतला दहन के कुछ देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से कहा, "कार्यकर्ताओं पर थोड़े डंडे कम चलाओ, हमारी सरकार आने वाली है।" पटवारी ने कहा कि पुतला जला रहे एक कार्यकर्ता के पुट्ठे तक जला दिए गए। उनके मुताबिक अगर मुख्यमंत्री पुतले जलाने जैसे काम करेंगे, तो विरोध में पुतले भी जलाए जाएंगे।
किसानों के मुद्दे पर पटवारी ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक सांसद कह रहे हैं कि किसान नौ महीने नशा करते हैं, जबकि किसानों को समय पर बिजली, पानी और यूरिया नहीं मिल रहा। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि रतलाम ग्रामीण को सूखाग्रस्त घोषित किया गया या नहीं। पटवारी ने कहा कि वे किसानों के बेटे हैं और भाजपा बताए कि नशे में कौन है।
पटवारी ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता के साथ अन्याय हुआ तो वे उसके लिए आवाज उठाएंगे। एसआईआर का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव जीतने की तैयारी करने को कहा। उन्होंने केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा भी किया।
प्रदर्शन में आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशन सिंघार, रतलाम ग्रामीण के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह डिंडोर, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष अनिल कटारिया, बिरमावल सरपंच रमेश डिंडोर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सविता भंवर, गोपाल निनामा, बद्रीलाल भंवर, मांगीलाल मालवी, जनपद सदस्य कमल भूरिया, बिट्टू रावल, अनिल निनामा, बंटी जाट, भंवर भूरिया और सुखदेव मालवीय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।