मंगलवार, 10 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

खातेगांव टीआई हत्याकांड: आरोपित मोहिन जायसवाल की ब्रेन हेमरेज से मौत, मनीष बड़ौदा से गिरफ्तार

थाने के बाहर दो पुलिसकर्मी वाहन और डिब्बों की जांच कर रहे हैं, दिन की रोशनी तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

खातेगांव के टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के मामले में अवैध शराब नेटवर्क के आरोपित मोहिन जायसवाल की अहमदाबाद में मौत हो गई। फरार आरोपित मनीष जायसवाल गुजरात के बड़ौदा से पकड़ा गया।

खातेगांव के टीआई रहे दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के मामले में अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े आरोपित मोहिन जायसवाल की मौत हो गई। वह अहमदाबाद का रहने वाला था। रविवार को ब्रेन हेमरेज से उसकी जान गई। करीब दो दिन से उसका इलाज चल रहा था। हत्याकांड और अवैध शराब नेटवर्क की जांच कर रही एसआईटी अहमदाबाद में उस पर नजर रखे हुए थी। सोमवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।

इसी मामले में फरार चल रहे आरोपित मनीष जायसवाल को पुलिस ने गुजरात के बड़ौदा से गिरफ्तार कर लिया है। एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि मनीष घटना के बाद से ही फरार था। उसे पकड़ने के लिए देवास पुलिस की अलग-अलग टीमें देश के कई प्रदेशों और जिलों में लगातार तलाश कर दबिश दे रही थीं। उसे गुजरात से गिरफ्तार कर देवास लाया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे 16 नवंबर तक रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर शराब तस्करी नेटवर्क के बारे में और जानकारी जुटा रही है। मनीष को इस नेटवर्क की अहम कड़ी बताया गया है और उससे पूछताछ के बाद कई नई जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

वारदात 1-2 नवंबर की दरमियानी रात की है। इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक के चालक ने चेकिंग कर रहे थाना टीआई गोस्वामी को कुचल दिया। इसके बाद वह गाड़ी मोड़कर भाग निकला। कुछ दूर आगे जाकर वाहन छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

बाद में ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज को गिरफ्तार किया गया। उन्हें देवास होते हुए खातेगांव ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिस के शार्ट एनकाउंटर में दोनों घायल हो गए। जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया था। चालक गजेंद्र और क्लीनर धीरज को 10 नवंबर को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इसी मामले में आरोपित राहुल जायसवाल, विजय राव, केरमसिंह और भूपेंद्र राणा को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इनसे पूछताछ चल रही है। इन आरोपितों का रिमांड 10 नवंबर तक का था, उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग की जाएगी। दाहोद, गुजरात में आरोपित केरम सिंह को लेकर गई टीम भी लौट रही है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी। अब तक उससे बैकवर्ड लिंक की जानकारी मिली है। अब फारवर्ड लिंक पर पूछताछ होगी कि शराब गुजरात में कहां जाती थी, किसके जरिए जाती थी और नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

इंदौर के रहने वाले विजय से भी लगातार पूछताछ हो रही है। टीम उसे लेकर इंदौर गई थी। पूछताछ में कई जानकारियां मिली हैं और उसके मोबाइल से भी अहम सुराग मिले हैं। वह मनीष का खास था, इसलिए मनीष के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। राहुल जायसवाल के शराब दुकान से जुड़े एग्रीमेंट के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। किरायानामे में राहुल के भाई पुनीत और पिता अरुण जायसवाल का नाम भी लिखा है, उनसे भी पूछताछ की जाएगी।

एक और आरोपित पाटेंद्र जायसवाल फरार है। उसकी बेटी और दामाद को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।

मोहिन की मौत के बाद पुलिस की चिंता बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस उसे पकड़ने के करीब थी और माना जा रहा था कि उससे पूछताछ में गुजरात में शराब तस्करी से जुड़े नामों से पर्दा उठ सकेगा। पुलिस की योजना थी कि मध्य प्रदेश में मोहिन का नेटवर्क कहां-कहां है, वह किनसे संपर्क में था और पूरा कारोबार कैसे चलता था, यह पता किया जाए। उसकी मौत के बाद कई सवाल अनसुलझे रह गए। अब पुलिस का पूरा फोकस मनीष और पाटेंद्र जायसवाल पर है, जो मोहिन से जुड़े थे। इनसे पूछताछ में जो जानकारी मिलेगी, उसी से जांच आगे बढ़ेगी।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन