मंगलवार, 17 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

कटनी ज्वेलर्स में 12 करोड़ की चोरी: बिहार, झारखंड और यूपी के गिरोह पर शक, पुलिस टीमें रवाना

शहर की सड़क पर रोशन गहनों की दुकान, बाहर खड़े स्कूटर और आसपास पुरानी इमारतें तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

पुलिस के मुताबिक कटनी के किसना ज्वेलर्स की चोरी गैस कटिंग में माहिर अंतरराज्यीय गिरोह ने की। चार सदस्य एक दिन पहले होटल में रुके थे। पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में दबिश दे रही हैं।

कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स से 12 करोड़ रुपए की चोरी के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के मुताबिक यह वारदात गैस कटिंग में माहिर एक अंतरराज्यीय गिरोह ने की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरोह के सदस्य बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के शातिर बदमाश हैं।

चोरी 11 नवंबर को हुई थी। गिरोह के चार सदस्य उससे एक दिन पहले, यानी 10 नवंबर को कटनी पहुंच गए थे। उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास होटल गणपति प्लाजा में कमरा लिया और वहीं रुककर योजना बनाई। कमरा बुक करते समय दो आरोपियों ने होटल प्रबंधन को अपने आधार कार्ड दिए थे। पुलिस ने होटल का रजिस्टर और उससे जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। साइबर सेल और पुलिस की टीम यह जांच कर रही है कि जमा किए गए आधार कार्ड असली हैं या आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्र दिए थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने शहर के दूसरे ज्वेलरी शोरूम और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी रेकी की थी। गजानन कॉम्प्लेक्स समेत कई जगहों के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों के फुटेज मिले हैं। पुलिस यह पता कर रही है कि गिरोह एक से ज्यादा जगह चोरी की तैयारी में था या सुरक्षा इंतजाम देखने के बाद उसने किसना ज्वेलर्स को निशाना बनाया। यह भी पता चला है कि आरोपियों ने तिजोरी काटने के लिए जो गैस कटर इस्तेमाल किया, वह कटनी से ही किराए पर लिया गया था।

वारदात के बाद बदमाश शहर से बाहर निकल गए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला है कि चोरी के बाद आरोपी सीधे कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक गए। प्रयागराज स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने पुलिस से बचने के लिए आगे का सफर सड़क और दूसरे साधनों से किया और अलग-अलग दिशाओं में बंट गए।

पुलिस की विशेष टीमें कटनी से प्रयागराज के बीच पड़ने वाले स्टेशनों के फुटेज खंगाल रही हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए टीमें उत्तर प्रदेश और झारखंड रवाना हो चुकी हैं। जबलपुर के आईजी प्रमोद वर्मा का कहना है कि प्रयागराज, दानापुर और साहिबगंज, सभी जगह हमारी टीमें लोकल पुलिस के को-ऑर्डिनेशन में काम कर रही हैं और हम जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लेंगे।

पुलिस की शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं। यह गैंग गैस कटर से शटर और तिजोरी काटकर बड़ी चोरियां करने में माहिर है। इनके काम करने का तरीका बेहद पेशेवर है। ये पहले किसी शहर में ठिकाना बनाते हैं, कुछ दिन रेकी करते हैं, वारदात करते हैं और फिर तुरंत राज्य की सीमा पार कर फरार हो जाते हैं। जानकारी मिली है कि इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ ओडिशा, मुंबई, दिल्ली और झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में इसी तरीके से चोरी के मामले दर्ज हैं।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन