मंगलवार, 17 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

जबलपुर में NHM के दो अधिकारियों को नोटिस, आउटसोर्स कर्मचारियों से 750 रुपए वसूली की शिकायत

सरकारी दफ्तर में कर्मचारी कागज देख रहा है, लोग गलियारे में इंतजार कर रहे हैं, दिन का उजाला तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सेहत PT24 स्वास्थ्य डेस्क

जबलपुर के CMHO ने मानदेय भुगतान में लापरवाही और कर्मचारियों से नकद वसूली की शिकायत पर NHM के दो अधिकारियों से तीन कार्यदिवस में जवाब मांगा है।

जबलपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय भुगतान में लापरवाही और कथित अवैध वसूली की शिकायत सामने आई है। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक उपेन्द्र कुशवाहा और जिला लेखा प्रबंधक मोहिनी कुशवाहा से तीन कार्यदिवस में जवाब मांगा गया है।

नोटिस में दोनों अधिकारियों पर भुगतान में लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर जानकारी नहीं देने और कलेक्टर को भ्रामक जानकारी देने के आरोप हैं।

नोटिस के मुताबिक, करीब 504 कर्मचारियों को NHM सभागार में बुलाया गया और हर एक से 750 रुपये नकद लिए गए। कर्मचारियों को इसकी कोई रसीद नहीं दी गई। सेडमेप के साथ हुए अनुबंध में भी इस तरह की रकम लेने का कोई प्रावधान नहीं है। इस हिसाब से कुल 3 लाख 78 हजार रुपये लेने की शिकायत है।

NHM भोपाल के संचालक वित्त ने 23 अक्टूबर को निर्देश जारी किया था कि दीपावली से पहले कर्मचारियों का मानदेय भुगतान पक्का किया जाए। हर महीने की एक तारीख को भुगतान करने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद अक्टूबर का मानदेय समय पर नहीं दिलाया जा सका।

नोटिस के अनुसार, 2 नवंबर को भुगतान की जानकारी मांगी गई तो अधिकारियों ने बताया कि सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान हो चुका है। लेकिन 3 नवंबर को जनसुनवाई में कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें पिछले दो-तीन महीने से मानदेय नहीं मिला है। कलेक्टर के जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान भी कर्मचारियों ने वेतन नहीं मिलने की शिकायत की थी।

दीपावली पर भी मानदेय नहीं मिलने के विरोध में करीब 504 आउटसोर्स कर्मचारी 7 नवंबर को हड़ताल पर चले गए थे। इससे चिकित्सा व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं।

नोटिस में कहा गया है कि सेडमेप को समय पर उपस्थिति भेजने, देयक प्राप्त करने और भुगतान पक्का कराने की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक और जिला लेखा प्रबंधक की थी। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने इन जिम्मेदारियों को तय समयसीमा में पूरा नहीं किया।

#इंदौर#सेहत#PT24#Health#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन