ग्वालियर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों का पति पर हत्या का आरोप
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ग्वालियर के जनकगंज इलाके में 30 साल की विवाहिता का शव ससुराल के कमरे में मिला। मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का असली कारण साफ होने की बात कही है।
ग्वालियर के जनकगंज थाना इलाके में तारागंज में मंगलवार को एक 30 साल की विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव ससुराल के एक कमरे में बेड पर पड़ा मिला। चेहरे और सीने पर खरोंच के निशान थे।
मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद पति और ससुराल के बाकी लोग मौके से भाग गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रूखसार (30) ग्वालियर की ही रहने वाली थी। उसकी शादी 2019 में तारागंज पुल के पास नादों का मोहल्ला के रहने वाले इमरान खान से हुई थी। दोनों की 4 साल की एक बेटी भी है। मंगलवार को करीब 11 से 12 बजे के बीच मायके वालों को खबर मिली कि रूखसार की मौत हो चुकी है और उसका शव बेड पर पड़ा है। खबर मिलते ही उसके चाचा खलील और दूसरे रिश्तेदार वहां पहुंच गए।
मृतका के चाचा खलील का आरोप है कि इमरान उनकी भतीजी को जबरन शराब पिलाता था और गलत काम करने का दबाव बनाता था। उनका यह भी आरोप है कि इमरान का किसी दूसरी लड़की से अफेयर चल रहा था और इसी वजह से उसने रूखसार की हत्या कर दी। खलील के मुताबिक मायके वालों के पहुंचते ही इमरान घर छोड़कर भाग निकला।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. कोक सिंह को मौके पर बुलाया। उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और जनकगंज थाने के पुलिस अधिकारियों को कुछ बातें बताईं। फोरेंसिक जांच में मृतका के चेहरे और गले के नीचे सीने पर खरोंच के हल्के निशान मिले। शव के पास उल्टी भी पड़ी थी।
फोरेंसिक एक्सपर्ट ने शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई है कि महिला सुबह से भूखी थी और उसने खाली पेट शराब पी थी। इसके बाद संभवत: उसने कोई दवा या ऐसी कोई चीज खा ली, जिसके रिएक्शन से पेट में पॉइजनिंग हो गई। मौत से पहले महिला को उल्टी भी हुई थी। यह अभी आशंका ही है, पक्का नतीजा नहीं।
जनकगंज थाना प्रभारी प्रवीण सिंह के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। पति मौके से भाग गया था और पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।