ग्वालियर के कुलैथ में पशुपालक सम्मेलन, बैलगाड़ी और घुड़दौड़ होगी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे रोड शो और
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
किसान कल्याण वर्ष के तहत शुक्रवार को कुलैथ गांव में पशु मेला और प्रदर्शनी होगी। मुख्यमंत्री रोड शो से पहुंचेंगे, हितग्राहियों को सौगातें देंगे और किसानों के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाएंगे।
ग्वालियर के कुलैथ गांव में शुक्रवार को पशुपालक सम्मेलन और पशु मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम किसान कल्याण वर्ष के तहत हो रहा है और इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। सम्मेलन में उन्नत नस्ल के गौवंश और भैंसवंशी पशुओं का मेला, कृषि और पशुपालन की प्रदर्शनी, बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मुख्यमंत्री हेलीपैड से सीधे सभा स्थल नहीं जाएंगे। वे रोड शो के जरिए गांव वालों और किसानों के बीच से होकर पहुंचेंगे। रास्ते में वे पशुपालकों और किसानों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद वे उन्नत पशुपालन और आधुनिक खेती की तकनीकों पर बनी प्रदर्शनी देखेंगे। इसके बाद वे बेहतरीन नस्ल के गौवंश और भैंसवंशी पशुओं का मेला भी देखेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री खुद फूल बरसाकर दूर-दराज से आए किसानों और पशुपालकों का स्वागत करेंगे। आयोजन में बुंदेली और ग्वालियरी अंचल के पारंपरिक कन्हैया लोकगीत पेश किए जाएंगे। इसके अलावा मैदान में बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ भी आयोजित की जाएगी।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री अलग-अलग सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ और सौगातें बांटेंगे। कार्यक्रम का खास आकर्षण किसानों के साथ सहभोज रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम में आने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी आईजी असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने कुलैथ पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, रोड शो के रास्ते, मुख्य मंच, प्रदर्शनी की जगह और दौड़ के ट्रैक का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात के इंतजाम को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए गए हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।