सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

दमोह के पास दयोदय एक्सप्रेस से कूदा दंपती, घायल, दो साल की बच्ची कटनी में सुरक्षित उतारी गई

धूप में दो वर्दीधारी अधिकारी प्लेटफॉर्म के पास ट्रेन की पटरी पर चल रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

दमोह-कटनी रेलमार्ग पर बांदकपुर के पास चलती ट्रेन से कूदे पति-पत्नी और उनकी बेटी घायल हो गए। दूसरी बेटी ट्रेन में रह गई, जिसे कटनी में आरपीएफ ने सुरक्षित उतार लिया।

दमोह-कटनी रेलमार्ग पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे बांदकपुर रेलवे स्टेशन के पास दयोदय एक्सप्रेस से एक दंपती बच्ची को साथ लेकर चलती ट्रेन से कूद गया। इस हादसे में पति, पत्नी और उनकी ढाई साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी दो साल की दूसरी बेटी ट्रेन में ही रह गई।

सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान गुना जिले के आरोन के रहने वाले भगीरथ आदिवासी (29), उनकी पत्नी सविता आदिवासी (22) और उनकी बेटी के रूप में हुई है।

इसके बाद ट्रेन की जनरल बोगी में एक बच्ची के अकेले बैठे होने की जानकारी कटनी आरपीएफ को दी गई। कटनी आरपीएफ ने सुबह करीब 8:30 बजे बच्ची को कटनी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित उतार लिया। हेड कांस्टेबल पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे उसे लेकर दमोह पहुंचे। अब बाल कल्याण समिति के जरिए बच्ची को उसके नाना-नानी को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।

जिला अस्पताल में भर्ती सविता ने बताया कि वे पति और दोनों बेटियों के साथ अपने मायके अशोकनगर से गुना स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें आरोन जाना था। इसी बीच स्टेशन पर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि उन लोगों ने बिना किसी वजह के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

तभी सामने एक ट्रेन आकर रुकी, तो परिवार जान बचाने के लिए उसमें चढ़ गया। सविता के मुताबिक उन्हें पता नहीं था कि वह ट्रेन दमोह की तरफ जा रही है।

सविता ने आगे बताया कि सफर के दौरान मारपीट करने वाले लोग और उनके साथी ट्रेन में फिर दिखाई दिए। इससे परिवार घबरा गया। उन्हें लगा कि आरोपी उनकी जान ले लेंगे। इसी डर में उन्होंने बांदकपुर के पास चलती ट्रेन से एक बच्ची को साथ लेकर छलांग लगा दी। इस दौरान दूसरी बेटी ट्रेन में ही रह गई।

घायलों ने बताया कि वे मारपीट करने वाले लोगों को नहीं जानते और न ही उनकी पहचान कर पाए हैं।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन