छतरपुर में खेत की जुताई पर भिड़े दो पक्ष, लाठी-फरसे और कुल्हाड़ी से हमला, महिला समेत 6 घायल
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
इमिलिया पंचायत के बनियन गांव में जमीन के मालिकाना हक के पुराने विवाद में जुताई को लेकर मारपीट हुई। पीड़ित पक्ष ने ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश का आरोप लगाया है।
छतरपुर जिले की इमिलिया पंचायत के बनियन गांव में रविवार को खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे, फरसे और कुल्हाड़ी से हमला किया। इस घटना में एक महिला समेत 6 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वे भर्ती हैं।
बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच इस जमीन के मालिकाना हक को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। रविवार सुबह 11 बजे एक पक्ष के लोग विवादित जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई करने पहुंचे थे। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इस दौरान 8 से 10 लोगों ने लाठी-डंडे, फरसे और कुल्हाड़ी से हमला किया। इसी बीच ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश भी की गई। पीड़ित पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
घायलों में चतुर यादव (55), राम प्रताप यादव (35), सोहन यादव (40), लखन यादव (35), रघुवीर यादव (65) और गोरी बाई (60) शामिल हैं।
घायल राम प्रताप यादव और सोहन यादव ने कोमल यादव, वीरेंद्र यादव, रंधावा उर्फ प्रेमदास यादव, रामबाबू यादव और नितेश यादव समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें खेत में घेरकर मारपीट की और जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की।
मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई का इंतजार है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।