वानाडोंगरी में सराफा दुकान से 40 तोला सोना लूटा, 4 लुटेरे बाइक पर फरार
नागपुर जिले के MIDC थाना इलाके में शनिवार दोपहर पिस्तौल की नोक पर सराफा दुकान में लूट हुई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नागपुर जिले के वानाडोंगरी इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक सराफा की दुकान में लूट हो गई। यह इलाका MIDC थाने के अंतर्गत आता है। बताया जाता है कि 4 लुटेरे एक मोटरसाइकिल पर आए और दुकान में घुस गए। पिस्तौल की नोक पर उन्होंने दुकान के कर्मचारी के साथ मारपीट की और तिजोरी से 40 तोला सोना लेकर भाग निकले।
वारदात वानाडोंगरी के पशुवैद्यकीय अस्पताल के बगल में राजेश ढोमणे की दुकान ढोमणे ज्वेलर्स में हुई। शनिवार दोपहर 3.45 बजे दुकान का कर्मचारी शुभम हाड़गे अंदर बैठा था। राजेश उस वक्त दुकान में मौजूद नहीं थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार 4 युवक दुकान के सामने आकर रुके।
पहले 2 लोग दुकान में गए। बाकी 2 ने आसपास ताक-झांक की और उसके बाद वे भी अंदर चले गए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने दुकान का शटर नीचे गिरा दिया। फिर शुभम पर पिस्तौल तान दी गई और सबसे पहले उसका मोबाइल छीन लिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने काउंटर और तिजोरी में रखे करीब 40 तोला सोने के जेवरात बैग में भर लिए। शुभम ने चीख-पुकार की तो उसे गोली मारने की धमकी दी गई। फिर आरोपी शटर खोलकर बाहर निकले।
आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग रहे थे, तभी शुभम ने हिम्मत दिखाकर बाइक पर सबसे पीछे बैठे आरोपी को कसकर पकड़ लिया। काफी कोशिश के बाद भी बाइक नहीं रुकी और शुभम साथ-साथ घिसटता चला गया। कुछ दूर जाकर वह गिर पड़ा और जख्मी हो गया। दूसरे नागरिकों ने भी आरोपियों का पीछा किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। आरोपी नागपुर की तरफ भाग गए।
शुभम ने तुरंत अपने मालिक राजेश को घटना की जानकारी दी और राजेश ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही MIDC थाने के थानेदार बाबूराव राऊत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी और डीआईजी राजेंद्र दाभाड़े के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी पहुंच गईं।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बाइक पर भागते दिख रहे हैं, पर सिर्फ 1 का चेहरा दिखाई देता है। 1 ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि बाकी 2 ने मुंह पर दुपट्टा बांध रखा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और फोन की लोकेशन के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही थी। संदेह है कि आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
दिनदहाड़े हुई इस डकैती से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिक और व्यापारी दहशत में हैं, और पुलिस भी हरकत में है। MIDC पुलिस हर दिशा में जांच कर रही है। सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।