टाटा मोटर्स ने नई एरिस सेदान उतारी, पेट्रोल ५.२९ लाख और सीएनजी ६.२९ लाख रुपये से शुरू
टाटा.कार्स ने कॉम्पैक्ट सेदान सेगमेंट में सिर्फ निजी खरीदारों के लिए बनी ऑल-न्यू एरिस लॉन्च की, फ्लीट के लिए अलग एक्सप्रेस-टी ब्रांड बना रहेगा।
टाटा.कार्स ने अपनी नई कॉम्पैक्ट सेदान, ऑल-न्यू टाटा एरिस, लॉन्च कर दी है। कंपनी का कहना है कि यह गाड़ी खासतौर पर निजी कार खरीदारों को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है, ना कि फ्लीट इस्तेमाल के लिए। पेट्रोल और सीएनजी दोनों पावरट्रेन में मिलने वाली एरिस की शुरुआती कीमत पेट्रोल वेरिएंट के लिए ५.२९ लाख रुपये और आईसीएनजी वेरिएंट के लिए ६.२९ लाख रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) रखी गई है।
कीमतों की पूरी लिस्ट देखें तो पेट्रोल मैनुअल (एमटी) ट्रांसमिशन 'स्मार्ट' ट्रिम में ५.२९ लाख रुपये से शुरू होता है, इसके बाद 'प्योर' ६.१४ लाख, 'प्योर +' ६.७४ लाख, 'क्रिएटिव' ७.४९ लाख और टॉप मॉडल 'एकम्प्लिश्ड' ट्रिम ८.१९ लाख रुपये में आता है। जो ग्राहक ऑटोमैटिक चाहते हैं, उनके लिए पेट्रोल एएमटी 'प्योर' ट्रिम से ६.६९ लाख रुपये में शुरू होता है, और 'प्योर +' ७.२९ लाख, 'क्रिएटिव' ८.०४ लाख तथा 'एकम्प्लिश्ड' वेरिएंट ८.७४ लाख रुपये का पड़ता है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शैलेश चंद्रा ने कहा, "सेदान कार की कालातीत अभिव्यक्ति रही है, जहां सेदान के वफादार ग्राहक हैं, जो आराम, एैसपैस जगह, ड्राइविंग डायनामिक्स और व्यावहारिकता के अनोखे मेल को तरजीह देते हैं। एरिस के जरिए, हम अलग-अलग बॉडी स्टाइल और पावरट्रेन विकल्पों में सार्थक चॉइस देने के टाटा.कार्स के उसूल को असल में उतार रहे हैं। जिसमें ग्राहकों के लिए स्टाइलिश नई सेदान पेश की है, जो अपनी गाड़ी को अपनी तरक्की, कामयाबी और शख्सियत की निशानी मानते हैं। डिजाइन और इंजीनियरिंग से लेकर टेक्नोलॉजी, सेफ्टी और ड्राइविंग एक्सपीरियंस तक हर फैसले में ग्राहक को केंद्र में रखकर एरिस को निजी मालिकाना हक के लिए बनाया गया है। यही अलग नजरिया इस कार को खास मकसद और अलग पहचान देता है, और ग्राहकों को एरिस चुनने की हर मजबूत वजह देता है।"
कंपनी के मुताबिक कॉम्पैक्ट सेदान सेगमेंट में करीब ६५ फीसदी हिस्सेदारी होने के बावजूद निजी ग्राहकों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जाता रहा है, क्योंकि उन्हें मुख्यतः फ्लीट इस्तेमाल की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई गाड़ियों में से ही चुनना पड़ता था। फ्लीट ऑपरेटर ऑपरेटिंग इकॉनॉमिक्स, टिकाऊपन और अपटाइम को अहमियत देते हैं, जबकि निजी इस्तेमाल करने वाले ग्राहक ऐसी गाड़ी चाहते हैं जिसका डिजाइन और फीचर आकर्षक हों और उनकी कामयाबी व महत्वाकांक्षा को दिखाएं। कंपनी का कहना है कि एरिस कभी फ्लीट सेगमेंट में नहीं उतरेगी, और फ्लीट की जरूरतें अलग एक्सप्रेस-टी ब्रांड के जरिए ही पूरी होती रहेंगी, जिसमें अलग डिजाइन और अलग पहचान वाली गाड़ियां मिलती रहेंगी।
एरिस को 'डिफिट बोरिंग' सोच के साथ डिजाइन किया गया है, जिसमें डिफिट ऑर्डिनरी, डिफिट फंक्शनल, डिफिट स्ट्रेस और डिफिट कॉम्प्रोमाइज जैसी चीजें शामिल हैं। इसमें सिग्नेचर एलईडी हेडलैंप, डीआरएल, चौड़ी लोअर ग्रिल और डायमंड-कट एरो अलॉय व्हील दिए गए हैं। केबिन में एरोलक्स वेंटिलेटेड लेदरेट सीट, ओपनव्यू डैशबोर्ड, २६.०३ सेमी एचडी टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और १२.७ सेमी डिजिटल आइलैंड क्लस्टर मिलते हैं। सेगमेंट में पहली बार वायरलेस चार्जिंग वाला डुअल स्मार्टफोन डेक, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो, ३५ से ज्यादा कनेक्टेड फीचर वाला आईआरए, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और ४१९ लीटर बूट स्पेस भी दिया गया है।
सेफ्टी के लिहाज से गाड़ी में ६ एयरबैग स्टैंडर्ड हैं, साथ ही इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ईबीडी और सीएससी के साथ एबीएस, हिल होल्ड कंट्रोल और आईएसओफिक्स एंकर दिए गए हैं। इसमें सेगमेंट का पहला ब्लाइंड व्यू मॉनिटर और मल्टिव्यू डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर, ३६०-डिग्री एसवीएस एचडी कैमरा, ऑटो हेडलैंप और रेन-सेंसिंग वाइपर भी हैं। आईसीएनजी वेरिएंट में गैस लीक डिटेक्शन और लीक-प्रूफ मटेरियल जैसे अलग सेफ्टी फीचर दिए गए हैं। पावरट्रेन में १.२-लीटर रेवोट्रॉन पेट्रोल इंजन ५-स्पीड मैनुअल और एएमटी दोनों में मिलता है, जबकि आईसीएनजी एएमटी और डुअल-सिलिंडर आईसीएनजी तकनीक भी उपलब्ध है।