श्रुती हासन बोलीं, मर्दों को पीरियड्स हों इसके लिए हजारों बार भगवान से दुआ मांगी
अभिनेत्री श्रुती हासन ने सोहा अली खान के पॉडकास्ट में पीरियड्स, पीसीओएस और सेट पर पीरियड हॉलिडे के मुद्दे पर खुलकर बात की।
अभिनेत्री श्रुती हासन हमेशा से अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। चाहे बात पर्सनल लाइफ की हो या महिलाओं से जुड़े मुद्दों की, वो कभी अपनी बात कहने में पीछे नहीं हटतीं। अभी हाल ही में उन्होंने पीरियड्स और इस दौरान महिलाओं को होने वाली तकलीफ पर बात की। श्रुती ने अपने पर्सनल एक्सपीरियंस के बारे में बताते हुए कहा कि पीसीओएस की वजह से उन्हें दर्द भरे पीरियड्स का सामना करना पड़ता है।
श्रुती ने सोहा अली खान के पॉडकास्ट पर पीरियड्स, सेट पर काम करते वक्त आने वाली दिक्कतों और पीरियड हॉलिडे के बारे में खुलकर बातचीत की।
पीरियड्स की तकलीफ पर बात करते हुए श्रुती ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मर्दों को महिलाओं की इस तकलीफ का अंदाजा ही नहीं है। इसीलिए उन्होंने हजारों बार भगवान से दुआ मांगी कि मर्दों को भी पीरियड्स आएं। उनका कहना था कि अगर मर्दों को भी यह अनुभव होता तो वर्कप्लेस पर पीरियड हॉलिडे की अहमियत उन्हें खुद समझ आ जाती। श्रुती की राय है कि काम के कॉन्ट्रैक्ट में भी पीरियड लीव का प्रावधान होना चाहिए।
श्रुती ने यह भी बताया कि करियर की शुरुआत में उन्हें सेट पर पीरियड्स के बारे में बात करने में डर लगता था। उन्हें लगता था कि इस विषय पर कोई बात करना ही नहीं चाहता। लेकिन बाद में उन्हें समझ आया कि अगर अपनी तकलीफ पहले से टीम को बता दी जाए, तो शूटिंग के दौरान टीम उसी हिसाब से काम कर सकती है।
इसके लिए उन्होंने अपने एक को-स्टार का किस्सा भी शेयर किया। उस को-स्टार ने घुटने की सर्जरी के बारे में टीम को बताया था, जिसके बाद पूरी टीम ने उनकी स्थिति को ध्यान में रखते हुए शूटिंग की प्लानिंग की। यह देखने के बाद श्रुती को भी अपने पीरियड्स की तकलीफ के बारे में खुलकर बात करने का हौसला मिला। जब उन्होंने डायरेक्टर को इस बारे में बताया, तो डायरेक्टर ने भी बताया कि उनकी बेटी को भी पीरियड्स के दौरान बहुत दर्द होता है। इसके बाद इस विषय को लेकर उनका नजरिया बदल गया, ऐसा श्रुती ने बताया।
श्रुती के मुताबिक, अगर टीम को उनकी दिक्कत पता हो तो वो बेहतर तरीके से सपोर्ट कर सकते हैं। इसलिए अब जब भी उन्हें पीरियड्स आते हैं, वो इस बात को छिपाती नहीं हैं। उन्होंने अपना अनुभव बताते हुए कहा, "मैं काम करूंगी, लेकिन अगर आपको पता है कि मैं किस स्थिति से गुजर रही हूं, तो आप मुझे बेहतर सपोर्ट दे सकते हैं।"
श्रुती हासन इससे पहले भी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बोल चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि शादी के ख्याल से उन्हें डर लगता है। उनका कहना था कि उन्होंने अपनी पहचान और आजादी बनाने के लिए बहुत मेहनत की है, इसलिए उन्हें डर है कि शादी के बाद इस पर असर पड़ सकता है। हालांकि, प्यार और रिश्तों में कमिटमेंट पर श्रुती का भरोसा है। उन्होंने भविष्य में मां बनने की इच्छा भी जताई है। अब पीरियड्स और पीरियड हॉलिडे को लेकर दिए गए बयान की वजह से वो फिर चर्चा में आ गई हैं।