रेनो की अब तक की सबसे महंगी SUV Rafale Hypnotic लॉन्च, हाइब्रिड पावरट्रेन से 1000 किमी रेंज
फ्रेंच कंपनी रेनो ने यूरोपियन मार्केट में अपनी नई फ्लैगशिप कूप-SUV रेनो Rafale Hypnotic Special Edition उतारी है, जो कंपनी के इतिहास की सबसे महंगी SUV बताई जा रही है।
फ्रेंच ऑटोमोबाइल कंपनी रेनो ने यूरोपियन बाजार में अपनी नई फ्लैगशिप कूप-SUV रेनो Rafale Hypnotic Special Edition लॉन्च कर दी है। कंपनी का दावा है कि आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम फीचर्स और दमदार हाइब्रिड पावरट्रेन की वजह से यह गाड़ी अभी से चर्चा में आ गई है। फ्रांस में इस स्पेशल एडिशन की शुरुआती कीमत 63,550 यूरो रखी गई है, यानी करीब Rs 69 लाख। खास बात यह है कि यह रेनो के अब तक के इतिहास की सबसे महंगी SUV है।
इस SUV को यूरोपियन मार्केट के लिए बहुत लिमिटेड रखा गया है, सिर्फ 1,500 यूनिट्स ही बनाई जाएंगी। हर गाड़ी को 1/1500 से लेकर 1500/1500 तक का यूनीक नंबर दिया जाएगा, जिससे इसका एक्सक्लूसिव लुक और बढ़ जाता है। यह SUV Atelier Alpine ट्रिम पर बेस्ड है और इसे Satin Forest Black नाम का खास पेंट शेड दिया गया है, जो नैचुरल लाइट में हल्का हरा और इरिडसेंट टच देता है। इसके साथ ब्लैक-आउट ग्रिल, डार्क फिनिश वाला रेनो लोगो और सैटिन फिनिश वाले 21-इंच अलॉय व्हील्स भी मिलते हैं। व्हील आर्च, बॉडी क्लैडिंग और रूफ स्पॉयलर पर ग्लॉस ब्लैक एक्सेंट्स दिए गए हैं, जिससे SUV को स्पोर्टी और प्रीमियम लुक मिलता है।
केबिन के अंदर भी कंपनी ने प्रीमियम एक्सपीरियंस पर पूरा फोकस रखा है। इसमें 9-स्पीकर वाला Harman Kardon ऑडियो सिस्टम, 360-डिग्री कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले और हीटेड फ्रंट सीट्स दी गई हैं। फ्रंट सीट्स में मसाज फंक्शन भी मिलता है। इसके अलावा Solarbay Opacifying Panoramic Glass Roof, बड़ी इन्फोटेनमेंट स्क्रीन, वायरलेस चार्जिंग और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए मल्टीपल एयरबैग्स के साथ कई मॉडर्न सेफ्टी फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
इंटीरियर में डार्क थीम रखी गई है। सीट्स पर Alcantara और टेक्सचर्ड फैब्रिक का इस्तेमाल हुआ है, साथ ही नीले, सफेद और लाल रंग की ट्राईकलर स्टिचिंग भी दी गई है। इसके अलावा बैकलिट Alpine एम्ब्लेम और सेंटर कंसोल पर यूनीक नंबर प्लेट भी मौजूद है, जिससे हर गाड़ी के लिमिटेड प्रोडक्शन की जानकारी मिलती है।
परफॉर्मेंस की बात करें तो रेनो Rafale Hypnotic में कंपनी का E-Tech 4x4 Hyper Hybrid Plug-in Hybrid पावरट्रेन दिया गया है, जिसमें 1.2-लीटर 3-सिलिंडर टर्बो पेट्रोल इंजन और 3 इलेक्ट्रिक मोटर्स लगे हैं। यह सेटअप मिलकर 300 PS पावर जनरेट करता है। SUV में 22 kWh लिथियम-आयन बैटरी दी गई है और WLTP सर्टिफिकेशन के मुताबिक यह सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड में 105 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है, जबकि इसकी कुल ड्राइविंग रेंज करीब 1,000 किलोमीटर होने का दावा किया गया है। स्पीड के मामले में भी यह SUV दमदार है, यह 0 से 100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार सिर्फ 6.4 सेकंड में पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 180 किमी प्रतिघंटा है। दमदार हाइब्रिड पावर, प्रीमियम फीचर्स, आकर्षक डिजाइन और लिमिटेड प्रोडक्शन के दम पर रेनो इस SUV से यूरोपियन लक्जरी सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।