नागपुर: पृथ्वीराजनगर में 14 साल के छात्र ने 12वीं मंजिल से कूदकर जान दी, पिता के सामने हादसा
नागपुर के बेलतरोड़ी थाना इलाके में पृथ्वीराजनगर की एक सोसाइटी में 9वीं क्लास के छात्र ने अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। पिता के सामने हुए इस हादसे के बाद पूरी सोसाइटी सदमे में है, पुलिस वजह का पता लगाने में जुटी है।
नागपुर जिले के बेलतरोड़ी थाना इलाके में पृथ्वीराजनगर की एक सोसाइटी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां मैक्स ग्लोरी अपार्टमेंट की ए विंग में रहने वाले 14 साल के छात्र निनाद यतिंद्र विश्वकर्मा ने बिल्डिंग की 12वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। यह पूरी घटना उसके पिता के सामने हुई। निनाद डीपीएस मिहान स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ता था और स्कूल बस से आता-जाता था। उसके पिता यतिंद्र सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। निनाद अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना के बाद पूरी सोसाइटी में मातम का माहौल है और परिवार सदमे में है। पुलिस को अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि निनाद ने यह कदम क्यों उठाया।
बुधवार को स्कूल से लौटने में निनाद को करीब 10 मिनट की देरी हो गई थी, जिसकी वजह से माता-पिता घर पर उसका इंतजार कर रहे थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे यतिंद्र ने अपने फ्लैट की गैलेरी से नीचे झांककर देखा तो निनाद एक ऑटो ड्राइवर से बात करता हुआ दिखा। पिता नीचे आए और उससे देरी की वजह पूछी। तभी उन्हें पता चला कि निनाद के पास उसका स्कूल बैग नहीं है। इस पर निनाद ने बताया कि उसका बैग सी विंग में रहने वाले एक दोस्त ने साथ ले लिया था, और यह कहकर कि "बैग लेकर आता हूं", वह लिफ्ट से ऊपर चला गया।
इसके करीब 10 मिनट बाद ही यतिंद्र को ग्राउंड फ्लोर पर कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो निनाद खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। उसके सिर और हाथ-पैरों पर गंभीर चोटें आई थीं। परिवार तुरंत उसे इलाज के लिए नागपुर मेडिकल अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच करते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से एमएलसी मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सोसाइटी में लगे सारे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में निनाद अकेला ऊपर जाता हुआ दिखा। जांच के दौरान उसका स्कूल बैग बिल्डिंग की छत पर पड़ा मिला।
बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर रविंद्र नाइकवाड ने बताया कि पूरे मामले की तफ्तीश करने के बाद अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है और यह साफ नहीं हो पाया कि निनाद ने यह कदम क्यों उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता को गहरा सदमा लगा है, इस वजह से उनसे ज्यादा पूछताछ नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।