नागपुर में त्योहार से पहले दाल, मसाले, मेवा और शैंपू के दाम चढ़े
नागपुर जिले में पिछले करीब 2 माह में रोजमर्रा के सामान की कीमतें बढ़ी हैं।
नागपुर जिले में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। पिछले करीब 2 माह में दाल, मसाले, तेल, चावल और मेवा समेत रोजमर्रा की जरूरत की कई चीजें महंगी हुई हैं। कई खाने-पीने की चीजों के दाम 15 से 25 प्रश तक बढ़े हैं।
दालों से शुरू करें तो बाजार में तुअर दाल 110 रुपये से बढ़कर 140 रुपये प्रति किलो हो गई है। उड़द दाल पहले 120 रुपये थी और अब 140 रुपये में मिल रही है। मूंग दाल 95 रुपये से चढ़कर 110 से 115 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
मसालों के भाव भी ऊपर गए हैं। हल्दी 290 रुपये से बढ़कर 320 रुपये प्रति किलो और धनिया 150 रुपये से बढ़कर 220 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। चावल अब 70 से 75 रुपये प्रति किलो है। सोयाबीन तेल 170 रुपये प्रति किलो पर जमा हुआ है।
त्योहार के सीजन में मेवा की मांग रहती है, और इसी बीच उसकी कीमतें भी चढ़ी हैं। काजू 850 रुपये से बढ़कर करीब 900 से 1,050 रुपये प्रति किलो हो गया है। बादाम 300 रुपये के उछाल के साथ 1,200 रुपये पर है। पिस्ता 1,400 रुपये से बढ़कर करीब 1,800 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा है। किशमिश 450 रुपये प्रति किलो पर है। अखरोट, मखाना, खजूर और अंजीर के दाम भी ऊपर गए हैं।
किराना व्यापारी पवन वाधवानी के अनुसार नेपाल में बाढ़ की वजह से इलायची के भाव 2 महीने में 3600 रुपये से बढ़कर 4,700 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। लौंग भी 150 रुपये महंगी होकर 950 रुपये प्रति किलो पर चल रही है।
रसोई के बाहर भी महंगाई की मार है। दुकानदारों के अनुसार 240 रुपये में मिलने वाली शैंपू की बोतल अब करीब 390 रुपये में बिक रही है। हेयर ऑयल के दाम में भी करीब 15 फीसदी तक बढ़ोतरी बताई जा रही है। 40 रुपये वाली तेल की बोतल अब करीब 60 रुपये में मिल रही है।
गृहणी कंचन जोशी का कहना है कि हर चीज की कीमत बढ़ने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। दाल, चावल, तेल से लेकर मसाले तक सब महंगे हो गए हैं। अन्य खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है और किराने का बजट पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है।
गृहणी शैलजा उपाध्याय के मुताबिक दिन-ब-दिन महंगाई इतनी बढ़ती जा रही है कि रसोई का पूरा बजट बिगड़ गया है। हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं। अनाज से लेकर गैस सिलेंडर की कीमतों में आग लग चुकी है। चाहे तेल हो या शैंपू, हर चीज के लिए ज्यादा पैसे गिनने पड़ रहे हैं।