मोबाइल रिपेयरिंग के विवाद में तलवार लहराकर दहशत!
पारडी में दुकानदार के गले के पास घुमाई तलवार, जान से मारने की धमकी का आरोप; आरोपी गिरफ्तार पारडी पुलिस ने आरोपी सूरज वाघमारे को किया गिरफ्तार, जांच जारी सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ था वायरस
नागपुर के पारडी इलाके में मोबाइल रिपेयरिंग के मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला सीधे तलवार तक पहुंच गया। आरोप है कि एक युवक तलवार लेकर मोबाइल की दुकान पर पहुंचा और दुकानदार को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके गले के पास तलवार घुमाई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना 30 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे पारडी थाना क्षेत्र के भट्टी चौक स्थित पवन मोबाइल शॉपी की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल रिपेयरिंग को लेकर दुकानदार पवन घुमड़े और सूरज प्रवीण वाघमारे के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद के दौरान सूरज वाघमारे ने तलवार निकाल ली। इसके बाद कथित तौर पर दुकानदार को अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और तलवार उसके गले के पास घुमाकर दहशत पैदा करने की कोशिश की। हालांकि इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया जो कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हुआ।
इस मामले में पारडी पुलिस ने हमले की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। बाद में पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी सूरज वाघमारे को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।