लालबागचा राजा के दर्शन को गोविंदा कोमल रानी के साथ पहुंचा, वीडियो पर नेटिजन्स भड़के
मुंबई के लालबागचा राजा पंडाल में गोविंदा और कोमल राणी स्वर्णकर एक साथ दर्शन करते दिखे, वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
बॉलिवुड एक्टर गोविंदा पिछले कुछ दिनों से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। कुछ समय पहले गोविंदा और एक्ट्रेस कोमल राणी स्वर्णकर के कथित अफेयर की खबरों ने जोर पकड़ा था। अब मंगलवार शाम दोनों एक बार फिर साथ नजर आए, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
मंगलवार शाम गोविंदा मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कोमल राणी भी मौजूद थीं। दोनों ने पंडाल में बाप्पा के दर्शन किए, प्रसाद चढ़ाया और पूजा में भी शामिल हुए। पुजारियों ने इस मौके पर दोनों के माथे पर टीका लगाया। दर्शन के बाद गोविंदा बाहर आए और वहां मौजूद फैंस की तरफ हाथ हिलाते हुए उनसे बातचीत की। इस दौरान वे काफी खुश और हंसते-मुस्कुराते नजर आए। गोविंदा और कोमल राणी के साथ दर्शन करने का यह वीडियो अभी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही दोनों की कथित नजदीकी को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।
अगस्त महीने में भी गोविंदा और कोमल राणी एयरपोर्ट पर साथ नजर आए थे, जिसके बाद दोनों के रिश्ते की चर्चाओं ने और तूल पकड़ा था। इसी दौरान गोविंदा की पत्नी सुनीता आहुजा का पापाराजी से बात करते हुए गोविंदा और कोमल राणी के कथित अफेयर को लेकर बयान सामने आया था। सुनीता ने गोविंदा और कोमल राणी की नजदीकी पर नाराजगी जताई थी और अपनी बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूमने को लेकर गोविंदा पर तंज भी कसा था। इन सब चर्चाओं के बाद दोनों के वैवाहिक रिश्ते को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। हालांकि बाद में यह बात सामने आई थी कि सुनीता आहुजा ने तलाक की याचिका वापस ले ली है।
गोविंदा और कोमल राणी के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर नेटिजन्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ यूजर्स ने गोविंदा की आलोचना की, तो वहीं कुछ ने सुनीता आहुजा को सपोर्ट किया।
एक यूजर ने कमेंट किया, "जो अपनी पत्नी को दुख देते हैं, उनकी प्रार्थना भगवान भी नहीं सुनता।" वहीं दूसरे यूजर ने सुनीता आहुजा को टैग करते हुए लिखा, "सुनीताजी, हम आपके साथ हैं।"
एक यूजर ने सीधा सवाल पूछा, "क्या उसने इस औरत से शादी कर ली है?" तो किसी और कमेंट में लिखा था, "सुनीता मैडम कहां हैं? आपको उनके साथ दर्शन के लिए आना चाहिए था, आप अभी भी उनकी पत्नी हैं।"
गोविंदा और कोमल राणी के बीच असल में क्या रिश्ता है, इस पर दोनों में से किसी ने अभी तक कोई ऑफिशियल सफाई नहीं दी है। लेकिन लालबागचा राजा के दर्शन का यह वीडियो सामने आने के बाद इन चर्चाओं को एक बार फिर हवा मिल गई है।