कल्याण में दिनदहाड़े 40 लाख की लूट, पुलिस ने 24 घंटे में 6 आरोपी दबोच लिए, कंपनी का कर्मचारी ही निकला
ठाणे जिले के कल्याण पश्चिम में बैंक में पैसे जमा करने जा रहे कंपनी के कर्मचारियों से हुई लूट का पुलिस ने महज एक दिन में पर्दाफाश कर दिया।
ठाणे जिले के कल्याण पश्चिम इलाके में दिनदहाड़े हुई 40 लाख रुपये की लूट का मामला ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने महज 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लूट के 36 लाख 48 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि लूट की पूरी साजिश कंपनी के ही एक कर्मचारी ने रची थी।
यह घटना 15 सितंबर को दोपहर करीब 1:05 बजे कल्याण पश्चिम इलाके में हुई। उल्हासनगर स्थित क्रांती फूड एजेंसी के दो कर्मचारी 40 लाख रुपये की नकदी लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा की कल्याण पश्चिम शाखा में जमा करने के लिए स्कूटी से निकले थे। बताया जा रहा है कि बैंक से महज 100 मीटर की दूरी पर ही यह वारदात हो गई।
सहजानंद चौक से लालचौकी की तरफ जाते वक्त दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपियों ने कर्मचारियों की स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों कर्मचारी सड़क पर गिर पड़े। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग जबरन छीन लिया। इसके बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पूरी वारदात इलाके के सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो गई थी, जिससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में अहम मदद मिली। बाजारपेठ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज होने के बाद ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीव्ही फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों की मदद से पुलिस पहले आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही, जिसकी पूछताछ में लूट की पूरी योजना का खुलासा हुआ। पुलिस जांच के मुताबिक क्रांती फूड एजेंसी में काम करने वाला कर्मचारी समीर अख्तर शेख इस लूट की साजिश का मुख्य सूत्रधार निकला। शक जताया जा रहा है कि उसी ने अपने साथियों की मदद से 40 लाख रुपये की नकदी लूटने की पूरी योजना बनाई थी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि लूट के बाद भी आरोपियों में से दो लोग उसी दुकान में काम करते रहे, ताकि मालिक को उन पर शक न हो। इस मामले में पुलिस ने समीर अख्तर शेख (28), आफताब असलम खान (25), शहानवाज गफार हसन अंसारी (36), सोहेब युनूस शेख (24), मुजाहिद अनवर खान (24) और शाहिद इसाक शेख (19) - इन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लूट के 36 लाख 48 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं, साथ ही वारदात में इस्तेमाल हुई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 22 सितंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इस दौरान लूट की साजिश से जुड़ी बाकी बातें, आरोपियों की भूमिका और पैसों के लेनदेन को लेकर आगे की जांच की जाएगी। महज 24 घंटे में 40 लाख की लूट का खुलासा होने में सीसीटीव्ही फुटेज, तकनीकी जांच और पुलिस की गुप्त सूचना का अहम रोल रहा।