ISL: फारुख चौधरी की मुंबई सिटी एफसी में वापसी, टीम की ताकत बढ़ी
मुंबई सिटी एफसी ने अंबरनाथ में जन्मे आक्रामक खिलाड़ी फारुख चौधरी की क्लब में वापसी की पुष्टि की है। उन्होंने 2026-27 सीजन के आखिर तक का करार किया है।
मुंबई सिटी एफसी ने क्लब में फारुख चौधरी की वापसी की पुष्टि करते हुए खुशी जताई है। फारुख आक्रामक फुटबॉलर (अटैकर) हैं। उन्होंने क्लब के साथ 2026-27 सीजन के आखिर तक का करार किया है।
फारुख का जन्म महाराष्ट्र के अंबरनाथ में हुआ। 'आयलंडर्स' (Islanders) यानी मुंबई सिटी के लिए वे नए नहीं हैं। इससे पहले 2020-21 के इंडियन सुपर लीग (ISL) सीजन में वे क्लब की तरफ से 6 मैच खेल चुके हैं।
उसके बाद उन्होंने जमशेदपुर एफसी और चेन्नईयन एफसी का प्रतिनिधित्व किया। अपने करियर में फारुख ने इंडियन सुपर लीग में 126 मैच खेले हैं। इनमें उनके नाम 7 गोल और 10 असिस्ट दर्ज हैं।
फारुख ने भारतीय राष्ट्रीय टीम का भी प्रतिनिधित्व किया है। 'ब्लू टाइगर्स' के लिए उन्होंने 24 मैच खेले और 3 गोल किए हैं। अपनी वापसी के बारे में बात करते हुए फारुख ने कहा कि यह उनके लिए बहुत अहम है।
फारुख ने कहा, "मुंबई सिटी में लौटना मेरे लिए बहुत अहम है। मेरी इस क्लब के साथ बहुत अच्छी यादें हैं और वापस आकर मुझे खुशी है। मैं नए सीजन के लिए, टीम के साथ कड़ी मेहनत करने और मैदान पर अपना बेहतरीन योगदान देने के लिए उत्सुक हूं। हमारी टीम मजबूत है और हमारे लक्ष्य बड़े हैं। मैं टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में ज्यादा से ज्यादा मदद करना चाहता हूं।"
मुंबई सिटी के हेड कोच (Head Coach) मानोलो मार्केज ने भी फारुख के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "फारुख ऐसा खिलाड़ी है, जिसे हम बहुत अच्छी तरह जानते हैं। उसके पास ऐसे गुण हैं जो हमारे लिए बहुत काम के हो सकते हैं। वह आक्रमण की चारों पोजीशन पर खेल सकता है, इसलिए हमारे अटैक को एक अलग धार मिलेगी। हमें भरोसा है कि वह टीम में अच्छा कंपटीशन और डेप्थ भी पैदा करेगा। वह हमारे साथ लौटा है, इसकी हमें खुशी है।"