इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, चार महीने की प्रेगनेंसी से खुला मामला
नागपुर में इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद 16 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप, तबीयत बिगड़ने पर हुआ खुलासा।
नागपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जो बताता है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती नाबालिगों के लिए कितनी खतरनाक साबित हो सकती है। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद एक 16 साल की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मेडिकल जांच में पता चला कि वह करीब चार महीने से प्रेगनेंट है। इसी जांच के बाद परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली और उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
एमआईडीसी पुलिस ने इस मामले में चंद्रपुर जिले के वरोरा का रहने वाला 21 साल का मनीष मोहरले नाम के आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता नागपुर के सीताबर्डी इलाके के एक कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा है। कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए ही उसकी आरोपी युवक से पहचान हुई थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होते-होते दोस्ती बढ़ गई, और इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा को अपने साथ ले जाने की प्लानिंग कर ली।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक 30 अप्रैल को आरोपी छात्रा को चारपहिया गाड़ी में बिठाकर हिंगणा इलाके की नर्मदा नगरी की एक सुनसान जगह पर ले गया। आरोप है कि वहीं आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद छात्रा ने यह बात अपने परिजनों को तुरंत नहीं बताई, जिसकी वजह से मामला कुछ समय तक दबा रहा।
कुछ दिनों बाद छात्रा की तबीयत खराब होने लगी, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। वहां जांच में सामने आया कि वह करीब चार महीने की प्रेगनेंट है। यह पता चलते ही परिजनों को घटना की गंभीरता समझ में आई और उन्होंने बिना देर किए एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
एमआईडीसी पुलिस अब आरोपी और पीड़िता के बीच इंस्टाग्राम पर हुई चैट, दोनों की मुलाकातों और घटना से जुड़े बाकी पहलुओं की छानबीन कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच संपर्क कब से था और घटना से पहले और बाद में उनकी क्या बातचीत हुई।
चूंकि यह मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।