हाँगकाँग सिक्सेस 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान, भुवनेश्वर कुमार को कप्तानी
भुवनेश्वर कुमार हाँगकाँग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। 7 सदस्यों की टीम का ऐलान हो गया है।
स्विंग के बादशाह कहे जाने वाले भुवनेश्वर कुमार काफी वक्त से भारतीय टीम से बाहर हैं। अब उनके बारे में एक बड़ी खबर आई है। हाँगकाँग सिक्सेस 2026 के लिए उन्हें भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है और इसके साथ ही टीम का ऐलान भी कर दिया गया है।
भुवनेश्वर की कप्तानी में भारत 30 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच होने वाले इस टूर्नामेंट में उतरेगा। 7 सदस्यों की इस टीम में कृणाल पांड्या और नितीश राणा जैसे आईपीएल के बड़े खिलाड़ियों को जगह मिली है। हाँगकाँग क्रिकेट बोर्ड के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ने 2026 सीजन के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया है। भुवनेश्वर और कृणाल के आने से टीम मजबूत दिख रही है। टीम में शशांक सिंह, टी नटराजन और नितीश राणा जैसे आईपीएल के नामी चेहरे भी हैं।
टीम इंडिया का स्क्वाड यह है: भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), कृणाल पंड्या, नितीश राणा, शशांक सिंह, टी नटराजन, राहुल त्रिपाठी और राहुल तेवतिया।
यह टूर्नामेंट भुवनेश्वर कुमार के लिए खास अहमियत रखता है। वे नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल मैच में आखिरी बार भारत के लिए खेले थे। 2026 के आईपीएल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे। इसके बाद भारतीय व्हाइट-बॉल टीम में उनकी वापसी की मांग उठने लगी थी, लेकिन अब तक उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है। भुवनेश्वर के साथ कृणाल पांड्या भी हाँगकाँग सिक्सर्स में भारत की मुहिम का हिस्सा होंगे। दोनों आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु की तरफ से खेलते हैं।
हाँगकाँग सिक्सेस का पहला सीजन 1992 में हुआ था। इसका फॉर्मेट अलग है। मैच छह ओवर के होते हैं और हर टीम में छह खिलाड़ी रहते हैं। गेंदबाज और विकेटकीपर के अलावा मैदान पर चार फील्डर होते हैं। विकेटकीपर को छोड़कर हर खिलाड़ी को एक ओवर डालना जरूरी है। सिर्फ एक गेंदबाज दो ओवर फेंक सकता है। जीत पर हर टीम को दो अंक मिलते हैं। इसके नियम आम क्रिकेट मैच से पूरी तरह अलग हैं।
यह टूर्नामेंट 2017 तक लगातार होता रहा, फिर बंद हो गया। हाँगकाँग सिक्सेस 2024 में दोबारा शुरू हुआ। इस बार मुख्य टूर्नामेंट 30 अक्टूबर को शुरू होगा और फाइनल 1 नवंबर को खेला जाएगा। सभी मैच सुबह 5:45 बजे शुरू होंगे।
हाँगकाँग सिक्सेस 2026 में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत ग्रुप सी में है, जिसमें पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी शामिल हैं। सारे मैच टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड पर खेले जाएंगे। ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, हाँगकाँग और इंग्लैंड हैं। ग्रुप बी में बांग्लादेश, स्कॉटलैंड और श्रीलंका हैं। ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका, ओमान और अफगानिस्तान हैं।