हजारी पहाड़ में तड़के भीषण आग, 5 मकान जलकर खाक
सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी
टीवी-फ्रिज से लेकर बाइक और जरूरी दस्तावेज तक हुए राख
नागपुर के हजारी पहाड़ क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे भीषण आग लगने से पांच मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखा लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। इस दौरान तीन गैस सिलेंडर फटने से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही की इस आग में कोई भी जीवित हानि नहीं हुई।
आग की चपेट में आए परिवारों के अनुसार, उनके घरों में रखा टीवी, फ्रिज, बाइक, घरेलू सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बचा। हादसे में प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, करीब 4 बजे भाजपा झोपड़पट्टी मोर्चा नागपुर शहर के महामंत्री रमेश कालमेघ ने नगरसेवक विजय होले को घटना की सूचना दी। इसके बाद विजय होले ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग से संपर्क कर घटनास्थल पर मदद पहुंचाने की व्यवस्था की।
स्थानीय नागरिकों ने भी आग पर काबू पाने के प्रयास किए। करीब 4:30 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। आग लगने के कारण और कुल नुकसान का आधिकारिक आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जाना बाकी है।
इस अग्निकांड में मेघा खोब्रागड़े, कोटि होले, रितेश मेश्राम, मुकेश गौरी और सावंत राऊत के घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, पुनर्वसन और उचित मुआवजे की मांग की है।
हजारी पहाड़ में तड़के भीषण आग, 5 मकान जलकर खाक
तीन गैस सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी, लाखों का नुकसान
टीवी, फ्रिज, बाइक और जरूरी दस्तावेज जले; पीड़ितों ने मांगी आर्थिक मदद.