एथर की नई कोनार्क स्कूटर लॉन्च, 200 किमी रेंज, दिल्ली में शुरुआती कीमत सिर्फ 79,999 रुपये
एथर एनर्जी ने अपनी नई फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर कोनार्क को दिल्ली में लॉन्च किया, जिसमें छह वेरिएंट और 10 साल की बैटरी वारंटी दी गई है।
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर के मामले में हर रोज कोई न कोई नई गाड़ी बाजार में उतर रही है, और ग्राहकों का रुझान भी तेजी से इलेक्ट्रिक स्कूटर की तरफ बढ़ रहा है। इसी होड़ में टीवीएस और बजाज जैसी बड़ी कंपनियों को टक्कर देने के लिए एथर एनर्जी ने अपनी नई और खूबसूरत फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर कोनार्क को दिल्ली में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है।
दिल्ली में मिल रही अच्छी सब्सिडी की वजह से इस स्कूटर की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत सिर्फ 79,999 रुपये रखी गई है, जिसने ग्राहकों के बीच खासी दिलचस्पी पैदा कर दी है।
यह स्कूटर एथर के नए EL प्लेटफॉर्म पर बनाई गई है, जिसे रोजाना के सफर के लिए ज्यादा आरामदायक और आसान रखने के हिसाब से डिजाइन किया गया है। ग्राहकों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए इसे S और Z प्रोडक्ट लाइन के तहत कुल 6 अलग-अलग वेरिएंट्स में उतारा गया है। इसमें मिलने वाले IDC रेंज के हिसाब से यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज करने पर 200 किलोमीटर तक की दमदार रेंज दे सकती है। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती डिमांड को देखते हुए कंपनी ने अपना नेटवर्क भी बढ़ाया है और अब यहां 11 एक्सपीरियंस सेंटर और 273 से ज्यादा LECCS फास्ट चार्जिंग पॉइंट्स उपलब्ध करा दिए हैं।
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी है। कोनार्क के सभी वेरिएंट्स में पांचवीं जनरेशन का Bedrock बैटरी पैक लगाया गया है, जिस पर कंपनी 10 साल या 1,00,000 किलोमीटर, जो भी पहले पूरा हो, की वारंटी दे रही है। इस दौरान बैटरी हेल्थ 70 प्रतिशत से नीचे न जाने की गारंटी भी दी गई है। इसके अलावा सर्विस इंटरवल को बढ़ाकर 10,000 किलोमीटर कर दिया गया है, जिससे मेंटेनेंस पर खर्च काफी कम हो जाएगा।
भारतीय सड़कों की हालत को ध्यान में रखते हुए इसकी बॉडी भी मजबूत बनाई गई है। इसमें 14 इंच के फ्रंट अलॉय व्हील्स, 12 इंच के रियर व्हील्स और लंबे सस्पेंशन दिए गए हैं। पीछे मेटल पैनल और स्टील की यूनिबॉडी चेसिस लगाई गई है, जिससे स्कूटर और भी मजबूत बनती है।
सेफ्टी और स्मार्ट राइडिंग के लिए भी इसमें कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। AeBS यानी एडवांस इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम सड़क की स्थिति के हिसाब से खुद ब्रेक फोर्स को कंट्रोल करता है। MagicKey फीचर की-लेस अनुभव के साथ ऑटोमैटिक लॉकिंग की सुविधा देता है। AutoPop और AirWalk जैसे फीचर्स सीट के नीचे स्टोरेज को आसानी से खोलने और टाइट पार्किंग में स्कूटर को आसानी से मैनेज करने में मदद करते हैं। चार्जिंग के लिए इसमें इंटीग्रेटेड ऑनबोर्ड चार्जर के साथ-साथ ऑप्शनल 450W ऑफबोर्ड चार्जर भी मिलता है, जो चार्जिंग टाइम को लगभग आधा कर देता है।