एशियन गेम्स हॉकी: भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदा, दीपिका के 8 गोल
गिफू प्रीफेचुरल ग्रीन स्टेडियम में भारतीय महिला हॉकी टीम ने ग्रुप बी के पहले मैच में उज्बेकिस्तान को बुरी तरह हराया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत जोरदार अंदाज में की। गिफू प्रीफेचुरल ग्रीन स्टेडियम में हुए ग्रुप बी के पहले मैच में भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंद डाला। यह जीत इतनी एकतरफा रही कि उज्बेकिस्तान की टीम पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।
इस बड़ी जीत में सबसे ज्यादा चमकीं दीपिका, जिन्होंने अकेले 8 गोल दागे। उनके अलावा इशिका ने 3 गोल किए, जबकि लालथंतलुआंगी और नेहा ने 2-2 गोल करके स्कोरबोर्ड भारत के पक्ष में झुकाए रखा। बलजीत कौर, नवनीत कौर, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने भी एक-एक गोल करके इस जीत में अपना योगदान दिया।
दीपिका की हैट्रिक के दम पर भारतीय टीम ने मैच पर शुरू से ही पकड़ बना ली थी, यही वजह रही कि हाफटाइम तक उज्बेकिस्तान 8-0 से पिछड़ चुका था। ब्रेक के बाद भी भारत ने विरोधी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। उज्बेकिस्तान भारतीय डिफेंडर्स की घेराबंदी को भेद नहीं पाया, वहीं दीपिका बार-बार उज्बेकिस्तान के सर्कल में घुसकर गोल पर गोल दागती रहीं। शानदार फॉर्म में दिख रही दीपिका ने लगातार चार गोल करके भारत की बढ़त को 13-0 तक पहुंचा दिया।
दीपिका के आक्रामक खेल से बाकी खिलाड़ियों को भी जोश मिला और उन्होंने भी उज्बेकिस्तान के सर्कल में घुसकर गोल करना शुरू कर दिया। इशिका, लालथंतलुआंगी, साक्षी और नवनीत ने मिलकर उज्बेकिस्तान की हर उम्मीद पर पानी फेर दिया।
इसी मैच में सविता पुनिया अपना 320वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही थीं। इसके साथ ही वे वंदना कटारिया के साथ सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं। वहीं बलजीत कौर के लिए यह उनके करियर का 50वां मैच था।
भारतीय महिला टीम एफआईएच हॉकी महिला वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक पांचवें स्थान पर रहने के बाद अच्छे मूड में है और अब एशियन गेम्स की शुरुआत भी उसने दमदार अंदाज में की है। एशियन गेम्स हॉकी टीमों के लिए लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक खेलों में जगह पक्की करने का एक अहम जरिया है।