डॉटर्स ड्रीम्स' में बेटियों ने खुलकर बयां किए अपने सपने
करियर, उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं को लेकर बेटियों ने साझा किए अनुभव
नागपुर, 29 सितंबर। इंटरनेशनल डॉटर्स डे के अवसर पर ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड राइटर्स एसोसिएशन, नागपुर की ओर से रवि भवन में 'डॉटर्स ड्रीम्स' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 'सिर्फ बेटियां बोलेंगी और जमाना सुनेगा' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बेटियों ने मंच पर अपने सपनों, उपलब्धियों, हॉबीज, अनुभवों और भविष्य की योजनाओं को खुलकर साझा किया।
कार्यक्रम में डेंटिस्ट एवं लीडरशिप कोच डॉ. रश्मि बंसल और सॉफ्ट स्किल ट्रेनर ईशा अरोरा ने विशेष वक्ता के रूप में बेटियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास, करियर और जीवन में सकारात्मक सोच के महत्व पर चर्चा की।
डॉ. रश्मि बंसल ने कहा कि गुब्बारा किसी भी रंग का हो, उसे ऊंचाई तक पहुंचाने वाली शक्ति उसके भीतर की गैस होती है। इसी तरह व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ाने वाली शक्ति उसके भीतर का आत्मविश्वास और ऊर्जा है। उन्होंने बेटियों को लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने, नकारात्मक बातों से प्रभावित न होने और जीवन में सवाल पूछने की आदत विकसित करने की सलाह दी।
ईशा अरोरा ने बेटियों को पारिवारिक संबंधों को समझदारी से निभाने और माता-पिता व सास-ससुर के साथ अच्छे व्यवहार का संदेश दिया। उन्होंने बेटियों और अभिभावकों के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियां भी आयोजित कीं।
विशेष अतिथि मैक्गेल न्यूमेटिक्स के कार्यकारी निदेशक अतुल अग्रवाल ने बेटियों को डॉटर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में हर कदम पर सजग रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि घर सिर्फ ईंट और सीमेंट से नहीं, बल्कि उसमें रहने वाले लोगों से बनता है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संदीप अग्रवाल ने कहा कि 'डॉटर्स ड्रीम्स' का उद्देश्य बेटियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे बिना झिझक अपने सपनों और भावनाओं को व्यक्त कर सकें।
कार्यक्रम में बेटियों ने डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, सीए, यूपीएससी, फैशन डिजाइनिंग, मॉडलिंग, एक्टिंग और लेखन सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छाएं साझा कीं। वंशिका जेठानी ने कविता प्रस्तुत की, जबकि आर्टिस्ट एवं राइटर भूमिजा अग्रवाल, तनिशा सहस्त्रबुद्धे और डॉ. लक्ष्मी महाजन ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए।
मधुरा गलगलीकर, खुशबू राठी, श्रुति गजभिये, गौरल शर्मा, युक्ता परसोड़कर, अविका अग्रवाल, आरोही तपासे, ओवी तापसे, ओमनी गुप्ता और साक्षी परिहार सहित अन्य बेटियों ने भी अपने सपने और आकांक्षाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रा. सौरभ सिंह ने किया। अतिथियों का परिचय भाग्यश्री पांडे ने दिया और एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव प्रा. सूरज तेलंग ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रबंधन उपसचिव श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल ने किया।
समापन अवसर पर मुख्य वक्ताओं ने सभी बेटियों को उपहार और ग्रीटिंग कार्ड देकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बेटियां, अभिभावक, गणमान्य नागरिक और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।