डब्ल्यूपीएल 2027: ल्यूक विलियम्स बने मुंबई इंडियन्स के मुख्य कोच
मुंबई इंडियन्स ने आरसीबी को पहला डब्ल्यूपीएल खिताब दिलाने वाले ल्यूक विलियम्स को अपना नया हेड कोच बनाया है।
दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स (एमआई) ने 2027 में होने वाले व्युमन्स प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल 2027) सीजन से पहले ल्यूक विलियम्स को अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है। विलियम्स अब हेड कोच के तौर पर लिसा केटली की जगह लेंगे। इससे पहले विलियम्स ने 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू (आरसीबी) को डब्ल्यूपीएल का पहला खिताब जिताया था, यानी डब्ल्यूपीएल में कोचिंग का उनका अनुभव काफी बड़ा है।
गुरुवार को खुद विलियम्स ने इस नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियन्स जैसी प्रतिष्ठित और कामयाब फ्रेंचाइजी से जुड़ना उनके लिए खुशी की बात है, और खिलाड़ियों व सपोर्ट स्टाफ के इस टैलेंटेड ग्रुप के साथ काम करने को लेकर वे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि टीम के पास मिलकर रोमांचक क्रिकेट खेलने और कामयाबी हासिल करने का शानदार मौका है, और वे इस चुनौती का इंतजार कर रहे हैं। विलियम्स ने यह भी कहा कि उनकी कोशिश टीम के फैंस को गर्व महसूस कराने वाले पल देने की रहेगी।
एमआई की ओनर नीता अंबानी ने भी इस मौके पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियन्स परिवार ल्यूक विलियम्स का स्वागत करता है। उनके मुताबिक, ल्यूक एक विनर हैं और उनके पास जबरदस्त अनुभव है, साथ ही महिला क्रिकेट को लेकर उनकी गहरी समझ और खिलाड़ियों को तराशने की मजबूत प्रतिबद्धता है। नीता अंबानी ने ल्यूक और पूरी टीम को इस नए और रोमांचक दौर की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आगे कहा कि उनकी टीम की लड़कियों ने डब्ल्यूपीएल में अब तक एक शानदार विरासत बनाई है, और उन्हें भरोसा है कि ल्यूक की कोचिंग और हरमन की कप्तानी में टीम आगे बढ़ेगी और कामयाबी हासिल करेगी।
हालांकि यह सब जितना आसान दिख रहा है, विलियम्स के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। सबसे पहले उन्हें आने वाले सीजन से पहले एमआई में प्लेयर रिटेंशन और नीलामी की रणनीति तय करनी होगी। डब्ल्यूपीएल के पांचवें सीजन के लिए प्लेयर रिटेंशन की आखिरी तारीख 28 सितंबर है, जबकि नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगी। बीसीसीआई के एक बयान के मुताबिक यह टूर्नामेंट 14 जनवरी से फरवरी 2027 तक खेला जाएगा, हालांकि पांच टीमों के इस बड़े टूर्नामेंट के मेजबान शहरों का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है।