भारत अ ने ऑस्ट्रेलिया अ को पहले अनौपचारिक टेस्ट में १६२ रन से हराया, कुशाग्र प्लेयर ऑफ द मैच
देवदत्त पडिक्कल की कप्तानी में भारत अ ने पहला अनौपचारिक टेस्ट जीतकर दो मैचों की सीरीज में १-० की बढ़त ले ली।
देवदत्त पडिक्कल की अगुवाई वाली भारत अ टीम ने पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया अ को १६२ रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की सीरीज में १-० की बढ़त बना ली है।
मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया के सामने ३६३ रन का लक्ष्य था, लेकिन पूरी टीम सिर्फ २०० रन पर ऑल आउट हो गई। इस मैच में भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में शानदार परफॉर्मेंस दी। कुमार कुशाग्र और पडिक्कल ने बल्ले से कमाल दिखाया, वहीं अंशुल कंबोज, तुषार देशपांडे, शम्स मुलानी और तनुष कोटियन की गेंदबाजी ने भारत की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कुशाग्र को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लेने वाले भारत ने पहली पारी में ३३४ रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। कुमार कुशाग्र ने ११३ रन की शानदार सेंचुरी लगाई, जबकि साई सुदर्शन ने ५७ रन बनाए। तनुष कोटियन ने ६९ रन और अंशुल कंबोज ने २३ रन जोड़े। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में १७१ रन पर सिमट गई, जिससे भारत को १६३ रन की बढ़त मिल गई।
इसके बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए १९९ रन बनाए और अपनी बढ़त को ३६२ रन तक पहुंचा दिया। कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने दूसरी पारी में ५९ रन बनाए, जबकि कुमार कुशाग्र ४६ रन बनाकर नाबाद रहे। ३६३ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में भी नाकाम रही और सिर्फ २०० रन पर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज हाफ सेंचुरी तक नहीं पहुंच पाया, दूसरी पारी में ५२ गेंदों पर ४७ रन बनाने वाले फर्गस ओ'नील टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने यह मैच पूरे १६२ रन से जीता।
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए ३६३ रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन भारत की जबरदस्त गेंदबाजी के सामने कंगारू टीम सिर्फ २०० रन पर ढेर हो गई। दूसरी पारी में तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी ने ३-३ विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की, वहीं अंशुल कंबोज और तनुष कोटियन ने २-२ विकेट लिए। पहली पारी में शम्स मुलानी ने भारत के लिए घातक गेंदबाजी करते हुए ४ विकेट लिए थे। उन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर कुल ७ विकेट लिए। पहली पारी में तुषार और तनुष ने भी २-२ विकेट लिए, जबकि अंशुल और प्रफुल्ल हिंगे ने १-१ विकेट लिया।
सीरीज का दूसरा मैच २९ सितंबर को पुदुचेरी में खेला जाएगा। इसके बाद ६ अक्टूबर से तीन वनडे मैचों की सीरीज शुरू होगी।