बेंटले की पहली इलेक्ट्रिक SUV टॉर्कल लॉन्च, 600 km रेंज और 876 bhp पावर का दावा
ब्रिटिश लक्झरी कार कंपनी बेंटले ने अपनी पहली फुल इलेक्ट्रिक कार पेश कर दी है, नाम है टॉर्कल। यह नई SUV कंपनी के मौजूदा मॉडल लाइनअप में चौथा मॉडल है। बेंटले इसे दो वैरिएंट में उतार रही है, टॉर्कल और टॉर्कल S, और कंपनी ने साफ कह दिया है कि इलेक्ट्रिक लक्झरी के साथ-साथ परफॉर्मेंस पर भी पूरा फोकस रखा गया है। कंपनी के मुताबिक टॉर्कल की रेंज 600 km तक जाती है।
पावर की बात करें तो टॉर्कल में दोनों एक्सल पर अलग-अलग इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई हैं। स्टैंडर्ड टॉर्कल में 809 bhp पावर और 1,155 Nm टॉर्क मिलता है, जबकि टॉर्कल S में Launch Control ऑन करने पर 876 bhp पावर और 1,350 Nm टॉर्क निकलता है। S वैरिएंट सिर्फ 2.9 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 260 kmph है।
बैटरी और चार्जिंग की बात करें तो इस SUV में 113.2 kWh का बैटरी पैक और 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर दिया गया है। कंपनी का दावा है कि 10 से 80 फीसदी चार्जिंग में सिर्फ 16 मिनट लगते हैं, ताकि लंबी ट्रिप में चार्जिंग का झंझट कम हो। बेंटले ने बताया कि WLTP साइकिल के हिसाब से इसकी रेंज 600 km तक जाती है।
डिजाइन के मामले में टॉर्कल में नई इल्यूमिनेटेड डायमंड ग्रिल दी गई है, जिसमें 76 हाथ से फिट किए गए LED डायमंड्स लगे हैं। बड़े व्हील्स, शार्प फ्रंट लुक और पीछे की उठी हुई बॉडी इस SUV को अलग पहचान देती है। टॉर्कल S में ब्लैक एक्सटीरियर डिटेल्स और स्पोर्टी डिजाइन एलिमेंट्स मिलते हैं। यह बेंटले का पहला प्रोडक्शन मॉडल भी है जिसमें कंपनी का नया लोगो लगाया गया है।
केबिन के अंदर कर्व्ड OLED डिस्प्ले, 16-वे इलेक्ट्रिक सीट एडजस्टमेंट, हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज की सुविधा दी गई है। स्मार्टफोन को डिजिटल की की तरह यूज करने का ऑप्शन है, साथ ही ऑगमेंटेड-रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले भी मिलता है। ड्राइवर-असिस्टेंस और पार्किंग के लिए कई रडार, सेंसर और कैमरे लगाए गए हैं। म्यूजिक के शौकीनों के लिए 28-स्पीकर वाला 1,780W Naim ऑडियो सिस्टम भी ऑप्शनल रखा गया है।
स्पोर्टी ड्राइविंग के लिए टॉर्कल में एडेप्टिव डैम्पर्स के साथ एक्टिव सस्पेंशन और ऑल-व्हील स्टीयरिंग दिया गया है। पीछे के पहिए 5 डिग्री तक घूम सकते हैं, जिससे इतनी बड़ी SUV को कम स्पीड में मोड़ना आसान हो जाता है। बेंटले ने इलेक्ट्रिक कार के लिए खास तौर पर Dynamic Symphony साउंड सिस्टम भी तैयार किया है, जिसमें असली इंस्ट्रूमेंट्स की आवाजें यूज की गई हैं।