बजाज की नई 250cc एडवेंचर बाइक की तैयारी, Xpulse 210 को मिल सकती है टक्कर
बजाज की 250cc एडवेंचर बाइक 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत में आ सकती है।
बजाज ऑटो भारतीय मार्केट में एक नए सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी की 250cc एडवेंचर मोटरसाइकिल टेस्टिंग के दौरान कई बार दिख चुकी है। उम्मीद है कि यह बाइक 2026 के आखिर में या 2027 की शुरुआत में लॉन्च होगी। यह बजाज की पहली सही मायने में एडवेंचर बाइक होगी और इसका सीधा मुकाबला हीरो Xpulse 210 जैसे मॉडल से हो सकता है।
बाइक का सबसे अहम हिस्सा इसका इंजन होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 249cc का एयर या ऑयल-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिल सकता है। माना जा रहा है कि यह इंजन पल्सर N250 वाली मोटर से जुड़ा होगा। पल्सर N250 में यह इंजन 24.2 bhp की पावर और 21.5 Nm का टॉर्क देता है। लेकिन एडवेंचर बाइक के लिए बजाज इंजन की ट्यूनिंग बदल सकती है और लो और मिड-रेंज टॉर्क को ज्यादा अहमियत दे सकती है।
टेस्टिंग में जो बाइक दिखी है, उसमें ऊंचा फ्रंट एंड, स्लिम बॉडी, बीक-स्टाइल फ्रंट मडगार्ड, सीधा हैंडलबार और लंबी सिंगल-पीस सीट नजर आई है। ऊंचाई पर लगा एक्जॉस्ट, स्पोक व्हील्स और ड्युअल-पर्पज टायर बाइक को ऑफ-रोड लुक देते हैं। आगे 19-इंच और पीछे 17-इंच के व्हील मिलने की संभावना है। आगे टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे लिंक्ड मोनोशॉक मिल सकता है।
टेक्नोलॉजी के मामले में भी यह बाइक सादी नहीं होगी। टेस्ट म्यूल में फुल-कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिखा है। टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, राइड मोड्स, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS से जुड़े फीचर्स मिलने की संभावना है। लेकिन बजाज ने इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बाइक के नाम को लेकर भी उत्सुकता है। बजाज ने भारत में 'Trekker' नाम ट्रेडमार्क करा रखा है, इसलिए चर्चा है कि यही नाम इस नई एडवेंचर बाइक के लिए इस्तेमाल हो सकता है। इसका ग्लोबल डेब्यू नवंबर-दिसंबर 2026 के बीच होने की संभावना है, और भारत में भी यह उसी दौरान या उसके बाद लॉन्च हो सकती है। अंदाजा है कि कीमत Rs 1.5 लाख से Rs 1.8 लाख के बीच हो सकती है, पर कीमत का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है।