Asian Games : अब महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया का किया गेम! 17-1 से धमाकेदार जीत
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का दबदबा लगातार दूसरे मैच में भी बरकरार रहा, दीपिका ने लगातार दूसरे मैच में हैट्रिक जड़ी।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का दबदबा बरकरार है। पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदने के बाद टीम ने दूसरे मैच में इंडोनेशिया को 17-1 के भारी अंतर से हरा दिया। इस तरह भारतीय टीम ने लगातार दूसरे मैच में भी अपनी बड़ी जीत की लय बरकरार रखी।
इस मैच में भारतीय टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया की डिफेंस लाइन की धज्जियां उड़ा दीं। शुरुआत से ही भारतीय टीम पूरी तरह हावी रही और इंडोनेशिया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाकर एक के बाद एक गोल दागती रही। दीपिका, ऋतुजा पिसाळ और नवनीत कौर ने शानदार खेल दिखाते हुए अपनी-अपनी हैट्रिक पूरी की, यानी तीनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग तीन-तीन गोल दागे। इसके अलावा सुनिता टोप्पो, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने भी दो-दो गोल करके भारत की इस जीत में अहम भूमिका निभाई। कप्तान सलीमा टेटे और इशिका ने भी एक-एक गोल किया।
शुरुआती दोनों क्वार्टर में भारत का दबदबा साफ नजर आया। पहले हाफ में ही भारत ने 9-0 की बढ़त बना ली थी। इंडोनेशिया की तरफ से पूरे मैच में एकमात्र गोल तीसरे क्वार्टर में इन्नेस आदित्य ने किया। इस एक गोल के अलावा इंडोनेशिया पूरे मैच में एक बार भी भारत की डिफेंस को भेद नहीं पाई। पहले क्वार्टर में भारत ने कुल 4 गोल किए, जबकि दूसरे क्वार्टर में टीम ने 5 और गोल दागकर अपनी बढ़त को और बड़ा कर लिया।
मैच के तीसरे क्वार्टर में इंडोनेशिया के गोल का जवाब देते हुए भारत ने पूरे 5 गोल दाग दिए। चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने 3 और गोल करके मैच को 17-1 से अपने नाम कर लिया। इस मैच में तीन गोल करने वाली दीपिका का फॉर्म उज्बेकिस्तान के खिलाफ पहले मैच जैसा ही शानदार रहा, जहां उसने अकेले 8 गोल किए थे। दोनों मैचों को मिलाकर दीपिका ने अब तक कुल 11 गोल कर दिए हैं, जो टीम की जीत में उसकी लगातार अहम भूमिका दिखाता है। इस जीत के साथ भारतीय टीम ग्रुप बी में टॉप पर पहुंच गई है और टीम आने वाले मैचों में भी यही जीत की लय बनाए रखने की कोशिश करेगी।