1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर के नियम बदले, अब डिलीवरी पर OTP दिखाना होगा
LPG सिलेंडर की डिलीवरी, सब्सिडी और रिफिल बुकिंग के नए नियम 1 अक्टूबर से लागू हुए हैं।
अगर आप घर में खाना बनाने के लिए LPG सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। 1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर को लेकर कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। इसकी वजह से कुछ लोगों को सिलेंडर नहीं मिलेगा, जबकि बाकी लोगों को उसके लिए ज्यादा कीमत देनी पड़ेगी। अब सिर्फ सिलेंडर बुकिंग की रसीद दिखाना काफी नहीं होगा। सिलेंडर की डिलीवरी को और सुरक्षित बनाने के लिए नए नियम लागू किए गए हैं।
सिलेंडर बुक करने के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा। सिलेंडर लेते वक्त यह OTP डिलीवरी एजेंट को दिखाना जरूरी होगा। इस सिस्टम का मकसद फर्जी बुकिंग और रजिस्ट्रेशन के बिना होने वाली डिलीवरी को रोकना है।
सब्सिडी वाला घरेलू LPG सिलेंडर लेने के लिए अब बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी है। जिन ग्राहकों ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें अगला रिफिल बुक करने से पहले इसे पूरा करना होगा। यह काम आप गैस एजेंसी, डिलीवरी बॉय या तेल कंपनी के ऐप की मदद से घर बैठे भी कर सकते हैं।
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के नए दाम जारी करती हैं। ये दाम इंटरनेशनल फ्यूल की कीमतों, गैस इंपोर्ट के खर्च और सरकारी टैक्स जैसी कई चीजों पर निर्भर करते हैं।
रिफिल बुकिंग में भी बड़ा बदलाव हुआ है। केंद्र सरकार ने घरेलू LPG सिलेंडर के अगले रिफिल की बुकिंग का अंतराल 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है। यह नया नियम देश के सभी घरेलू ग्राहकों पर लागू होगा। पहले 25 दिन का नियम सिर्फ शहरी इलाकों में रहने वालों के लिए था, लेकिन अब यह शहरों, गांवों और कस्बों समेत हर जगह लागू होगा।
PNG कनेक्शन को लेकर भी सख्ती है। PNG को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार कई नियम लागू कर रही है। इसलिए जिन इलाकों में PNG सेवा उपलब्ध है, वहां के ग्राहकों को अब LPG से PNG पर आना होगा। सरकार का नोटिस जारी होने के 90 दिन बाद आपका LPG कनेक्शन बंद किया जा सकता है। इसलिए अगर आपके इलाके में PNG सेवा उपलब्ध है, तो फौरन कनेक्शन ले लें।