दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में सुबह-रात हल्की ठंड
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक समेत दक्षिण के कई राज्यों में 22 से 27 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान जताया है, जबकि दिल्ली में सुबह और रात को हल्की ठंड लगने लगी है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदलने लगा है. दिल्ली में सुबह और रात को हल्की ठंड महसूस होने लगी है, पर दोपहर में धूप निकल रही है. दूसरी तरफ दक्षिण भारत के कई राज्यों में आने वाले कुछ दिन बारिश का दौर चलता रहेगा. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बताई है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का अलर्ट है. गोवा में लोग उमस से परेशान हैं.
दिल्ली की बात करें तो अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में मौसम थोड़ा बदला हुआ दिख रहा है. सुबह और रात को सड़कों पर निकलने वालों को ठंड का अहसास होने लगा है. लेकिन दोपहर की धूप की वजह से तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं लग रही.
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 27 अक्टूबर तक मौसम लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है. यानी दिन में धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है.
दक्षिण भारत में 22 से 27 अक्टूबर के बीच बारिश जारी रहने का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में इस दौरान अलग-अलग दिनों में बारिश हो सकती है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी इस अवधि में कई जगह पानी गिरने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 22 से 27 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है.
कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 22 से 24 अक्टूबर के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 अक्टूबर तक कुछ जगह बारिश का अनुमान है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 अक्टूबर के दौरान भी बारिश हो सकती है.
भारी बारिश की चेतावनी की बात करें तो तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 25 अक्टूबर के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. 26 अक्टूबर को भी इन इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं. केरल और माहे में 22 अक्टूबर तथा 24 से 25 अक्टूबर के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना है. 23 अक्टूबर और 26 से 27 अक्टूबर को कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 23 और 24 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका भी है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 26 अक्टूबर के दौरान कुछ जगह गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में 24 से 25 अक्टूबर के बीच ऐसे हालात बन सकते हैं. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं की संभावना है.
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 22 से 27 अक्टूबर तक कई जगह बारिश का अनुमान है, और कुछ जगह भारी बारिश भी हो सकती है. ओडिशा में 26 और 27 अक्टूबर को छिटपुट बारिश की संभावना है. उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में इस हफ्ते मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।